"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

AI के दौर में शिक्षक बनें विद्यार्थियों के मार्गदर्शक : राज्यपाल

राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह में 63 उत्कृष्ट शिक्षक सम्मानित, 4 शिक्षकों को मिला स्मृति पुरस्कार

Kpn24.com रायपुर 05 सितंबर 2026

शिक्षक दिवस के अवसर पर लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मण्डपम् में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के उत्कृष्ट शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित कर उनके योगदान की सराहना की।

वर्ष 2025-26 के लिए 63 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया, जबकि चार शिक्षकों को विशिष्ट राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार प्रदान किए गए। वहीं स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने वर्ष 2026-27 के लिए चयनित 64 शिक्षकों के नामों की घोषणा की।
AI हमारा सहायक बने, नियंत्रक नहीं : राज्यपाल
राज्यपाल रमेन डेका ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में शिक्षकों और विद्यार्थियों का तकनीक से परिचित होना जरूरी है, लेकिन उसका उपयोग विवेकपूर्ण, जिम्मेदार और मानवीय मूल्यों के अनुरूप होना चाहिए। उन्होंने कहा कि तकनीक जानकारी दे सकती है, लेकिन संस्कार, संवेदना, अनुशासन और सही दिशा गुरु ही देता है।
उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों की प्रतिभा और रुचि पहचानकर उन्हें सही विषय एवं करियर चुनने में मार्गदर्शन देने का आह्वान किया।
शिक्षक नई पीढ़ी के निर्माता : मुख्यमंत्री साय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शिक्षक राष्ट्र और नई पीढ़ी के निर्माता हैं। सरकार शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और प्रत्येक बच्चे को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि युक्तियुक्तकरण के बाद प्रदेश में अब एक भी स्कूल शिक्षकविहीन नहीं है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत शिक्षा को संस्कार, कौशल और रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
प्रदेश के 341 विद्यालयों का चयन पीएम श्री योजना के अंतर्गत किया गया है, जबकि 150 स्वामी विवेकानंद विद्यालय प्रारंभ किए जा रहे हैं। बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में बेहतर शिक्षा के लिए ओरछा और जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही है।
AI आधारित स्मार्ट स्कूलों को बढ़ावा
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेन्द्र यादव ने कहा कि प्रदेश में AI आधारित स्मार्ट स्कूल विकसित किए जा रहे हैं। शिक्षा में तकनीक, नवाचार और रचनात्मकता को बढ़ावा देकर छत्तीसगढ़ को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
समारोह में खैरागढ़-छुईखदान-गंडई के राजेश कुमार प्रजापति, कोरबा के कामता प्रसाद जायसवाल, दुर्ग की प्रज्ञा सिंह और सारंगढ़-बिलाईगढ़ की प्रियंका गोस्वामी को राज्य शिक्षक सम्मान स्मृति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में शिक्षकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More