"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शिक्षकों की सेवा को नमन: सम्मान समारोह में 210 शिक्षक-कर्मचारी सम्मानित, सेवानिवृत्त कर्मियों के अनुभव को बताया अमूल्य धरोहर

Kpn24.com बिलासपुर 07 सितंबर 2026

शिक्षक दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा बिलासपुर द्वारा जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह सह कर्मचारी स्नेह सम्मेलन 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में जिलेभर के 210 शिक्षक-कर्मचारियों को सम्मानित कर उनके योगदान और सेवाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई।

संघ की ओर से आयोजित यह सम्मान समारोह की आठवीं कड़ी रही। वर्ष 2016 से संघ लगातार सेवानिवृत्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के सम्मान की परंपरा को आगे बढ़ा रहा है। इस वर्ष समारोह में 140 सेवानिवृत्त शिक्षक-कर्मचारी तथा 70 सेवारत शिक्षक एवं विभिन्न विभागों के कर्मचारी शामिल रहे।
शाल, श्रीफल और प्रशस्ति पत्र से किया सम्मान
समारोह में सम्मानित शिक्षक-कर्मचारियों को शाल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। सम्मान पाकर सेवानिवृत्त एवं सेवारत कर्मचारियों के चेहरों पर खुशी और भावुकता साफ नजर आई।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बिलासपुर संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा अश्वनी कुमार भारद्वाज रहे। उन्होंने शिक्षक-कर्मचारियों के योगदान को नमन करते हुए कहा कि शिक्षक राष्ट्र के निर्माता हैं। सेवानिवृत्ति के बाद भी उनका अनुभव और ज्ञान समाज के लिए अमूल्य निधि है। उन्होंने संघ द्वारा लंबे समय से की जा रही सम्मान की इस पहल को अनुकरणीय बताया।
सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच मजबूत हुआ आत्मीय रिश्ता
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी वर्षा शर्मा, सहायक संचालक बसंत प्रताप सिंह सहित बिल्हा, तखतपुर एवं कोटा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी भूपेन्द्र कौशिक एवं गोपाल दुबे उपस्थित रहे। संघ के प्रांतीय एवं संभागीय पदाधिकारियों ने भी समारोह में सहभागिता की।
अतिथियों ने कहा कि ऐसे आयोजन केवल सम्मान तक सीमित नहीं रहते, बल्कि सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के बीच आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का माध्यम भी बनते हैं। अनुभव और नई ऊर्जा के इस संगम से संगठनात्मक एकता को भी मजबूती मिलती है।
“शिक्षक और कर्मचारी शासन-समाज की रीढ़”
संभाग अध्यक्ष सूर्य प्रकाश कश्यप ने कहा कि शिक्षक एवं कर्मचारी समाज और शासन की रीढ़ हैं। उनके योगदान और वर्षों की सेवा के प्रति सम्मान व्यक्त करना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि हमारा नैतिक दायित्व है।
उन्होंने समारोह को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया। समारोह ने यह संदेश दिया कि सेवा भले ही समाप्त हो जाए, लेकिन शिक्षक और कर्मचारी का योगदान कभी सेवानिवृत्त नहीं होता।

 

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More