
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 10 सितंबर 2026
सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी तक बलौदा पुलिस ने मुखबिर की सूचना के आधार पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए चांदी के बर्तन, लोहे की कढ़ाई सहित करीब 7 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
नहाने गया था परिवार, पीछे से हो गई चोरी
मामला थाना बलौदा क्षेत्र के ग्राम हरदी महामाया का है। पुलिस के अनुसार, प्रार्थी अनिल निवासी महामाया पारा, ग्राम हरदी महामाया ने 9 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दोपहर करीब 2 बजे वह अपने घर का दरवाजा बंद कर तालाब में नहाने गया था। कुछ समय बाद वापस लौटने पर घर के रसोईघर में रखे चांदी के गंज, कढ़ाई, लोहे की कढ़ाई सहित अन्य बर्तन और आलमारी में रखी 3,200 रुपये की नकदी गायब मिली।
शिकायत पर बलौदा पुलिस ने अपराध क्रमांक 450/2026 के तहत धारा 331(3), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मुखबिर की सूचना ने खोला चोरी का राज
चोरी की घटना के बाद पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ करते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम जर्वे हरदी निवासी रामू वर्मा (33 वर्ष) घटना के समय प्रार्थी के घर के आसपास घूमता हुआ देखा गया था।
सूचना के आधार पर पुलिस ने रामू वर्मा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने सूने मकान में प्रवेश कर रसोईघर में रखे गंज, लोहे की कढ़ाई, थाली, कटोरी और चम्मच समेत आलमारी में रखी नकदी चोरी करना स्वीकार किया।
बिस्तर के नीचे छिपाकर रखे थे चोरी के बर्तन
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि चोरी की नकदी उसने खर्च कर दी, जबकि चोरी किए गए बर्तनों को अपने घर में बिस्तर के नीचे छिपाकर रखा था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए बर्तन बरामद कर लिए। बरामद मशरूका की कीमत करीब 7 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने आरोपी रामू वर्मा को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना बलौदा के निरीक्षक मनोहर सिन्हा, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवार, आरक्षक रज्जू रात्रे, संतोष रात्रे, संदीप सोनंत, प्रहलाद निर्मलकर सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










