
सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पुलिस और ग्रामीण अधोसंरचना को मिलेगी नई रफ्तार, 23 कार्यों की रखी आधारशिला और 15 विकास कार्य जनता को किए समर्पित
Kpn24.com सक्ती 11 सितंबर 2026
सक्ती जिले के विकास को नई गति देने की दिशा में शुक्रवार को बड़ा कदम उठाया गया। ग्राम जेठा में आयोजित कार्यक्रम में केंद्रीय ग्रामीण विकास, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जिले को 121 करोड़ 70 लाख रुपए से अधिक के 38 विकास कार्यों की सौगात दी।
इस दौरान दोनों नेताओं ने विभिन्न विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन और लोकार्पण किया।
कुल विकास कार्यों में लगभग 79.25 करोड़ रुपए की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन तथा लगभग 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सक्ती जिले में सड़क संपर्क, शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, प्रशासनिक व्यवस्था और ग्रामीण अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
22 किलोमीटर सड़क सहित कई बड़ी परियोजनाओं की रखी नींव
भूमिपूजन किए गए प्रमुख कार्यों में देवरघटा, बरतुंगा, तुलसीडीह, अण्डा, चरौदा होते हुए सपिया नहरपार तक 22 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण शामिल है। इस परियोजना पर लगभग 25.82 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इसी तरह छुहीपाली से कटेकोनी बड़े-कर्राखई-ठाकुरपाली होते हुए सेमराडीह तक 12 किलोमीटर सड़क के चौड़ीकरण एवं नवीनीकरण के लिए लगभग 15.30 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।
इसके अलावा अण्डी-किरकार-जगमहन से सातबहिनिया तक सड़क, नगझर-नवापारा मार्ग तथा गुरेराडीह किरारी से केसला मुख्य मार्ग सहित अन्य सड़क परियोजनाओं की भी आधारशिला रखी गई।
शिक्षा और युवाओं के लिए भी बड़ी सौगात
सक्ती जिले में शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना मजबूत करने के लिए शासकीय कन्या महाविद्यालय सक्ती के नवीन भवन, बेदराम शासकीय महाविद्यालय मालखरौदा के अतिरिक्त भवन और नवीन आजीविका संस्थान भवन का भूमिपूजन किया गया।
इन परियोजनाओं से विद्यार्थियों, युवाओं और विशेषकर छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर भी जोर
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए विभिन्न ग्रामों में उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों के निर्माण की आधारशिला रखी गई। महिलाओं के लिए महतारी सदनों के निर्माण कार्य भी शुरू किए जाएंगे।
42 करोड़ से अधिक के विकास कार्य जनता को समर्पित
कार्यक्रम में लगभग 42.46 करोड़ रुपए की लागत वाले 15 विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मालखरौदा क्षेत्र में कलमी नहरपार से चिखली, छोटेकोट, बड़ेकोट, सिंघरा होते हुए बेल्हाडीह तक सड़क निर्माण प्रमुख है, जिसकी लागत लगभग 14.35 करोड़ रुपए है।
वहीं देवरघटा से कठरापाली, निमोही, सिंघीतराई, बेनीपाली होते हुए ओड़ेकेरा मुख्य मार्ग तक पुल-पुलिया सहित सड़क निर्माण का भी लोकार्पण किया गया। इस परियोजना की लागत लगभग 11.35 करोड़ रुपए है। इसके अलावा बुंदेली-अड़भार मार्ग भी जनता को समर्पित किया गया।
पानी, प्रशासन और पुलिस व्यवस्था को भी मिली मजबूती
जल जीवन मिशन के अंतर्गत स्थापित सोलर ड्यूल पंप, चन्द्रपुर और हसौद के नवीन तहसील कार्यालय भवन, डभरा, चन्द्रपुर और जैजैपुर के नवीन पुलिस थाना भवन तथा अड़भार पुलिस चौकी भवन का लोकार्पण किया गया।
इसके साथ ही सुलौनी हाईस्कूल भवन, गोपालपुर प्रशिक्षण भवन और गोबरा स्थित महतारी सदन सहित अन्य विकास कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।
एक साथ कई क्षेत्रों में विकास की दस्तक
सक्ती जिले में एक ही कार्यक्रम के दौरान सड़क से लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, पुलिस, प्रशासन और ग्रामीण अधोसंरचना से जुड़े 38 विकास कार्यों की सौगात मिलने से क्षेत्र में विकास की गति तेज होने की उम्मीद है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन सुगम होने के साथ ही विद्यार्थियों, महिलाओं, किसानों और आम नागरिकों को स्थानीय स्तर पर बेहतर सुविधाएं मिलने का रास्ता खुलेगा।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, सांसद कमलेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।










