"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

भारत-जापान के रिश्तों को शिक्षा और तकनीक दे रहे नई दिशा : मुख्यमंत्री साय

एहिमे यूनिवर्सिटी के 17 सदस्यीय जापानी छात्र प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से की मुलाकात

Kpn24.com रायपुर 14 सितंबर 2026

भारत और जापान के बीच सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक रिश्तों को शिक्षा, तकनीक और नवाचार नई मजबूती दे रहे हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सोमवार को मुख्यमंत्री निवास में जापान की एहिमे यूनिवर्सिटी से आए 17 सदस्यीय छात्र प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान यह बात कही।

भारत-जापान इंटर एक्सचेंज कार्यक्रम के तहत छत्तीसगढ़ पहुंचे जापानी विद्यार्थियों से मुख्यमंत्री ने भारत-जापान के ऐतिहासिक संबंधों, बौद्ध विरासत, शिक्षा, अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और स्टार्टअप के विषय में चर्चा की।
मुख्यमंत्री साय ने विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक और पुरातात्विक विरासत की जानकारी देते हुए सिरपुर, मैनपाट और भोंगापाल का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को देश-दुनिया में नई पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। सिरपुर को विश्वस्तरीय पर्यटन एवं ऐतिहासिक स्थल के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
जापान की कार्यसंस्कृति से प्रभावित मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री ने अपनी जापान यात्रा के अनुभव साझा करते हुए वहां की अनुशासित कार्यसंस्कृति, तकनीकी प्रगति और परंपराओं के प्रति सम्मान की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारत और जापान के युवाओं के बीच बढ़ता संवाद भविष्य में संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी सहयोग, स्टार्टअप और नवाचार के नए अवसर पैदा कर सकता है।
एनआईटी रायपुर के नवाचारों में जापानी विद्यार्थियों की रुचि
जापानी प्रतिनिधिमंडल ने एनआईटी रायपुर के शोध एवं इन्क्यूबेशन केंद्रों का भ्रमण कर स्टार्टअप और तकनीकी नवाचारों की जानकारी ली। आम लोगों की समस्याओं के तकनीकी समाधान विकसित करने वाले स्टार्टअप विद्यार्थियों के आकर्षण का केंद्र रहे।
जापानी विद्यार्थियों ने छत्तीसगढ़ की संस्कृति, गणेश उत्सव, खान-पान और लोगों के आत्मीय व्यवहार की भी सराहना की। प्रतिनिधिमंडल अपने प्रवास के दौरान ऐतिहासिक सिरपुर का भ्रमण कर छत्तीसगढ़ की प्राचीन बौद्ध और सांस्कृतिक विरासत को भी करीब से समझेगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि ऐसे शैक्षणिक और सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम भारत-जापान के युवाओं को जोड़ने के साथ दोनों देशों के बीच मित्रता, ज्ञान, नवाचार और साझा प्रगति के नए रास्ते खोलेंगे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More