"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की स्मृति में दो दिवसीय समारोह 18-19 सितंबर को, सम्मान से लेकर सांस्कृतिक प्रस्तुतियों तक होंगे विविध आयोजन

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 16 सितंबर 2026

स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं समाजसेवी बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल की स्मृति को समर्पित दो दिवसीय स्मृति समारोह का आयोजन 18 एवं 19 सितंबर को जांजगीर-चांपा जिले में किया जाएगा। समारोह का मुख्य आयोजन सीमार्ट परिसर, कचहरी चौक जांजगीर में होगा, जबकि दूसरे दिन कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे में कृषि एवं ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समारोह के मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े होंगी। कार्यक्रम में जांजगीर-चांपा विधायक ब्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेन्द्र कुमार सिंह, पामगढ़ विधायक श्रीमती शेषराज हरबंश, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल सहित जनप्रतिनिधि एवं अन्य अतिथि शामिल होंगे।
18 सितंबर को श्रद्धांजलि, सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम
सीमार्ट परिसर जांजगीर में 18 सितंबर को दोपहर 12 बजे प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम से समारोह की शुरुआत होगी। इसके बाद दोपहर 12:30 बजे मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ होगा।
दोपहर 1 बजे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीद परिवारों का सम्मान किया जाएगा। इसके बाद मंचीय कार्यक्रम एवं प्रतिभा कार्यक्रम होंगे। दोपहर 2:30 बजे स्थानीय कलाकारों और स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
शाम 5 बजे विधिक संगोष्ठी का आयोजन होगा, जबकि शाम 6 बजे छत्तीसगढ़ी लोक कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक प्रस्तुतियां समारोह में लोक संस्कृति का रंग भरेंगी।
19 सितंबर को किसानों के लिए विशेष कार्यक्रम
समारोह के दूसरे दिन 19 सितंबर को कृषि विज्ञान केंद्र जर्वे में कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सुबह 11 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। इसके बाद उद्यानिकी फसलों, दलहन-तिलहन एवं मशरूम उत्पादन सहित विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी जाएगी।
दोपहर 12:30 बजे ग्रीष्मकालीन धान के स्थान पर वैकल्पिक फसलों की संभावनाओं पर व्याख्यान होगा। कृषि एवं उद्यानिकी विभाग द्वारा विभागीय योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। इसके साथ ही पशुपालन और मत्स्य विभाग की योजनाओं से भी किसानों को अवगत कराया जाएगा।
शाम 4 बजे नवीन कृषि तकनीक एवं आधुनिक कृषि उपकरणों का अवलोकन कराया जाएगा। इस तरह दो दिवसीय आयोजन में जहां पहले दिन बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल के योगदान को स्मरण करते हुए सम्मान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे, वहीं दूसरे दिन कृषि और ग्रामीण विकास से जुड़े विषयों पर उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More