
गोरिल्ला वार तकनीक से घेराबंदी कर दबोचे जुआरी, ताशपत्ती समेत अन्य सामग्री बरामद; कोतवाली और रिस्पांस टीम की संयुक्त कार्रवाई
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 20 सितंबर 2026
जांजगीर में जुआरियों के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मकान में चल रहे जुआ फड़ पर दबिश दी। पुलिस ने मौके से 9 जुआरियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 28 हजार 420 रुपये नकद, ताशपत्ती और अन्य सामग्री जब्त की है। कार्रवाई कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से की।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन में जिले में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए लगातार सघन चेकिंग और धरपकड़ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत कोतवाली पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बनारी मेन रोड से अंदर एक मकान में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराने के बाद तत्काल पुलिस टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क एवं नगर पुलिस अधीक्षक योगिता बाली खापर्डे के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस और रिस्पांस टीम ने बताए गए स्थान की घेराबंदी की।
पुलिस ने रणनीति के तहत अचानक रेड कार्रवाई करते हुए मौके से 9 जुआरियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल ₹4,28,420 नकद, ताशपत्ती एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार किया गया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
ये 9 आरोपी पकड़े गए
भैरव मिश्रा उर्फ मोगली, उम्र 44 वर्ष, बी. महंत उपनगर वार्ड क्रमांक 6, जांजगीर
अखिलेश राठौर, उम्र 36 वर्ष, पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 2, जांजगीर
रामनारायण राठौर, उम्र 55 वर्ष, भगत चौक वार्ड क्रमांक 11, जांजगीर
धीरज पाठक, उम्र 42 वर्ष, न्यू चंदनीयापारा वार्ड क्रमांक 16, जांजगीर
राहुल बजाज, उम्र 37 वर्ष, वार्ड क्रमांक 23, केरा रोड, जांजगीर
तालिब खान, उम्र 40 वर्ष, वार्ड क्रमांक 4, नैला
अविनाश राठौर, उम्र 39 वर्ष, पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12, जांजगीर
मुकेश बजाज, उम्र 45 वर्ष, केरा रोड, जांजगीर
कृष्ण कुमार चंद्र, उम्र 38 वर्ष, वार्ड क्रमांक 7, न्यू चंदनीयापारा, जांजगीर
मकान मालिक पर भी होगी कार्रवाई
पुलिस के अनुसार जिस मकान में जुआ फड़ संचालित होने की जानकारी मिली, उसके मकान मालिक की भूमिका की भी जांच की जा रही है। जांच में तथ्यों के आधार पर उसके विरुद्ध पृथक से वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति, सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ सघन चेकिंग एवं धरपकड़ अभियान लगातार जारी रहेगा।










