
एक जमीन का सौदा कर दूसरे को कराया रजिस्टर्ड, दूसरी संपत्ति के नाम पर भी लिए 20 लाख रुपये; रजिस्ट्री के नाम पर करता रहा टालमटोल, न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 सितंबर 2026
जमीन के सौदे में बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। चांपा थाना क्षेत्र में आरोपी ने जमीन को भारमुक्त और विवादरहित बताकर लाखों रुपये प्राप्त कर लिए, जबकि जांच में संबंधित संपत्तियों के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता (44 वर्ष), निवासी मारुति विहार कॉलोनी, चांपा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
29.70 लाख लेकर कराया विक्रय इकरारनामा
पुलिस के अनुसार, प्रार्थी वरुण सोमानी निवासी तहसील रोड, बरपाली चौक, चांपा ने थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि आरोपी हरिशंकर गुप्ता ने ग्राम पोड़ीकला स्थित कुल 22 खसरों की 4.95 एकड़ भूमि को भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए उसका सौदा 29.70 लाख रुपये में किया।
आरोपी ने पूरी रकम प्राप्त करने के बाद 14 जुलाई 2025 को विक्रय इकरारनामा भी निष्पादित कराया।
एक जमीन का सौदा, दूसरी को कर दिया रजिस्टर्ड
मामले में आरोप है कि इसके बाद आरोपी ने उसी भूमि में से 9 खसरों की कुल 2.37 एकड़ जमीन किसी अन्य व्यक्ति को बेचकर उसकी रजिस्ट्री करा दी। जब शेष भूमि की रजिस्ट्री के लिए आरोपी से कहा गया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा।
इसके बाद राजस्व अभिलेखों की जांच कराई गई तो संबंधित भूमि के बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई। इससे जमीन के सौदे को लेकर शिकायतकर्ता के सामने गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई।
दूसरी संपत्ति के नाम पर भी लिए 20 लाख
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने प्रार्थी के पिता से भी चांपा स्थित भूमि-मकान को भारमुक्त एवं विवादरहित बताते हुए 20 लाख रुपये प्राप्त किए थे। बाद में इस संपत्ति के भी बैंक में बंधक होने की जानकारी सामने आई।
इस तरह दोनों मामलों में आरोपी पर कुल 49.70 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।
शिकायत के बाद पुलिस ने तेज की विवेचना
प्रार्थी की शिकायत पर थाना चांपा में अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय आईपीएस के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी हरिशंकर गुप्ता को पकड़ लिया।
पूछताछ एवं आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे, प्रधान आरक्षक सुनील सिंह एवं थाना चांपा के पुलिस स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










