
अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास वारदात, मोबाइल-पर्स लेकर फरार हुए आरोपी; पुलिस ने दो आरोपियों को दबोचा
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 सितंबर 2026
अकलतरा थाना क्षेत्र में पानी की बोतल को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट और लूट की वारदात में बदल गया। आरोप है कि दो युवकों ने राह चलते युवक का पीछा कर उसे कैंची दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और लात-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान युवक का मोबाइल और पर्स नीचे गिर गया, जिसे आरोपी लेकर फरार हो गए। बीच-बचाव करने पहुंचे युवक के साथी के साथ भी मारपीट की गई।
घटना की सूचना मिलते ही अकलतरा पुलिस सक्रिय हुई और मुखबिर की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पानी देने से इनकार पर शुरू हुआ विवाद
पुलिस के अनुसार घटना 15 सितंबर 2026 की है। बिलासपुर निवासी नवीन कुमार झा अकलतरा रेलवे स्टेशन के पास एक होटल के सामने स्थित पान ठेले से पानी खरीद रहे थे और फोन-पे के माध्यम से भुगतान कर रहे थे। इसी दौरान वहां पहुंचे दो युवकों ने उनसे पानी की बोतल मांगी।
पानी देने से इनकार करने पर दोनों युवक कथित रूप से आक्रोशित हो गए और नवीन का पीछा करने लगे। आरोप है कि युवकों ने छोटी कैंची दिखाकर जान से मारने की धमकी दी तथा उसके साथ लात-मुक्कों से मारपीट की।
मारपीट के दौरान नवीन का मोबाइल फोन और पर्स नीचे गिर गया। आरोपियों ने कथित रूप से दोनों सामान को उठा लिया और मौके से फरार हो गए। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे नवीन के साथी के साथ भी मारपीट कर उसे चोट पहुंचाने का आरोप है।
सूचना मिलते ही पुलिस ने कसी घेराबंदी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय, आईपीएस के मार्गदर्शन में थाना अकलतरा पुलिस की विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने संभावित स्थानों पर जानकारी जुटाने के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। इसी दौरान मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने योगेन्द्र मानिकपुरी और अजय खरे को पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी
योगेन्द्र मानिकपुरी, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 13, अकलतरा।
अजय खरे, उम्र 25 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 15, रहसबेड़ा, अकलतरा।
इनकी रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, सहायक उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कश्यप, आरक्षक शेषनारायण साहू, महेन्द्र राज सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










