"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

सेवा संकल्प अभियान में मानवता की मिसाल, मड़वा विद्युत संयंत्र में 23 लोगों ने किया रक्तदान

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 23 सितंबर 2026

सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत अटल बिहारी वाजपेयी ताप विद्युत गृह (एबीवीटीपीएस) मड़वा के विभागीय अस्पताल में बुधवार को रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

जिला चिकित्सालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित शिविर में 23 अधिकारी-कर्मचारियों, चिकित्सकों और अन्य रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
शिविर में रक्तदाताओं ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। खास बात यह रही कि नारी शक्ति ने भी रक्तदान में सक्रिय सहभागिता निभाते हुए सामाजिक सरोकार की मजबूत मिसाल पेश की।
मुख्य अभियंता ने बताया सेवा का संकल्प
विद्युत संयंत्र के मुख्य अभियंता रजनीश जांगड़े ने कहा कि सेवा संकल्प केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। रक्तदान जैसे मानवीय कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों की सहायता की जा सकती है।
शिविर में रक्तदान करने वाले लोगों को मुख्य अभियंता के हाथों प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए गए।
23 रक्तदाताओं ने दिया योगदान
वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. विकेंद्र सिंह ने बताया कि शिविर में कुल 23 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। इनमें अधिकारी, कर्मचारी और चिकित्सक भी शामिल रहे। उन्होंने कहा कि रक्तदान जीवन बचाने वाला पुनीत कार्य है और समाज के प्रत्येक सक्षम व्यक्ति को इस मानवीय पहल से जुड़ना चाहिए।
नारी शक्ति की भागीदारी बनी आकर्षण
रक्तदान शिविर का विशेष पहलू महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। मातृशक्ति ने उत्साह के साथ रक्तदान कर यह संदेश दिया कि सामाजिक सेवा और जनकल्याण के कार्यों में महिलाएं भी अग्रणी भूमिका निभा रही हैं।
रक्तदान केवल किसी जरूरतमंद की जान बचाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में मानवीय संवेदना और आपसी सहयोग की भावना को मजबूत करने का भी प्रभावी जरिया है।
अधिकारियों और अस्पताल स्टाफ ने निभाई अहम भूमिका
विद्युत संयंत्र के अतिरिक्त मुख्य अभियंता आलोक लकरा, आर.एल. ध्रुव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने रक्तदान शिविर को सफल बनाने वाले सभी रक्तदाताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
शिविर के आयोजन में चिकित्साधिकारी डॉ. कल्पदीप देब सहित विभागीय अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ ने सक्रिय भूमिका निभाई।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More