
Kpn24.com रायपुर 23 सितंबर 2026
राजधानी रायपुर के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित आयुर्वेद सेवा सम्मेलन, रक्तदान महाकुंभ एवं वृहद स्वास्थ्य जांच शिविर में सेवा और संवेदना की अनूठी मिसाल देखने को मिली। एक ही दिन में 1000 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान कर ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज कराई, जिसे गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। रक्त की प्रत्येक यूनिट किसी जरूरतमंद के लिए जीवन की नई उम्मीद बन सकती है। उन्होंने बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और नागरिकों के रक्तदान, देहदान एवं अंगदान के लिए आगे आने की सराहना की।
आयोजन में 3600 से अधिक महिलाओं ने रक्तदान के लिए पंजीयन कराया, जबकि रक्तदान के लिए 200 बेड की व्यवस्था की गई थी। करीब 2500 यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया। वहीं प्रोजेक्ट दधीचि के तहत 31 लोगों ने देहदान का संकल्प लिया, जिनमें पद्मश्री एवं विधायक अनुज शर्मा भी शामिल रहे। इस अभियान के तहत अब तक 103 लोग देहदान का संकल्प ले चुके हैं।
आयुर्वेद को बढ़ावा देने पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आयुर्वेद भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है। आधुनिक चिकित्सा सेवाओं के विस्तार के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा जैसी भारतीय चिकित्सा पद्धतियों को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
सेवा संकल्प अभियान के तहत जरूरतमंद बच्चों के लिए पुस्तक, खिलौने और स्टेशनरी संग्रह की पहल भी की गई। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में स्वास्थ्य अधोसंरचना के विस्तार के साथ आयुर्वेद, योग और प्राकृतिक चिकित्सा की सुविधाएं भी बढ़ाई जा रही हैं।
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










