
हरदी बाजार समेत पांच ग्राम पंचायतों के विद्यार्थियों के पालकों को मिली आवेदन प्रक्रिया की जानकारी
Kpn24.com कोरबा 23 सितंबर 2026
विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र बनवाने की प्रक्रिया को सुगम बनाने के उद्देश्य से 23 सितंबर 2026 को ग्राम पंचायत हरदी बाजार, सरई सिंगार, आमगांव, रेकी एवं चैनपुर के संयुक्त तत्वावधान में विशेष जाति प्रमाण पत्र शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में पालकों ने पहुंचकर अपने बच्चों के जाति प्रमाण पत्र के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कराई।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पाली के निर्देशन एवं विकासखंड शिक्षा अधिकारी पाली के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में संकुल केंद्र हरदी बाजार तथा आमगांव-रेकी अंतर्गत आने वाले प्राथमिक, माध्यमिक एवं हाई स्कूलों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के पालक शामिल हुए।
आवेदन से लेकर पटवारी प्रतिवेदन तक की प्रक्रिया
शिविर के दौरान पालकों से विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र तैयार कराने के लिए आवश्यक आवेदन प्रपत्र भरवाए गए। साथ ही संबंधित पटवारी प्रतिवेदन की प्रक्रिया भी पूरी कराई गई। पालकों को जाति प्रमाण पत्र के महत्व, इससे मिलने वाले लाभ तथा ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
शिक्षा विभाग और राजस्व अमले की रही मौजूदगी
शिविर में संकुल समन्वयक तरुण डिकसेना, शैलेश जाटवर एवं पूनम कुमार अहीर सहित संबंधित पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव, कोटवार तथा विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराई गई। शिविर के माध्यम से विद्यार्थियों के पालकों को जाति प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया गया।
शिविर शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ।










