
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 25 सितंबर 2026
वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चांपा से लगे ग्राम सिवनी में देशभक्ति से ओतप्रोत सामूहिक गायन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शासकीय हाई स्कूल सिवनी एवं सरस्वती शिशु मंदिर सिवनी के संयुक्त तत्वावधान में हाई स्कूल मैदान में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों, ग्रामीणों और अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
सामूहिक गायन के दौरान जब विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने एक सुर में ‘वंदे मातरम’ का गायन किया तो पूरा विद्यालय परिसर देशभक्ति के स्वर से गूंज उठा। बच्चों के उत्साह और सामूहिक गायन ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को भाव-विभोर कर दिया।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। वक्ताओं ने वंदे मातरम के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह गीत राष्ट्रप्रेम, एकता और मातृभूमि के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करता है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति भी दी, जिसे उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ सराहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
अंत में सामूहिक गायन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का गरिमापूर्ण समापन हुआ। सिवनी में आयोजित यह आयोजन बच्चों और ग्रामीणों के बीच देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने वाला साबित हुआ।










