"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

गंगरेल बांध से लगातार छोड़ा जा रहा पानी, महानदी किनारे प्रशासन अलर्ट

कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, संभावित जलभराव वाले क्षेत्रों में मुनादी और सुरक्षित स्थानों की तैयारी के आदेश

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 25 सितंबर 2026

गंगरेल बांध से लगातार पानी छोड़े जाने और जिले में जारी बारिश के बीच जांजगीर-चांपा जिला प्रशासन ने महानदी के तटीय इलाकों को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने राहत एवं आपदा प्रबंधन से जुड़े सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रहने और नदी के जलस्तर सहित तटीय क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं।

कलेक्टर ने राजस्व, जल संसाधन, नगर सेना सहित संबंधित विभागों को संभावित जलभराव अथवा बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी रखने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी आकस्मिक परिस्थिति में राहत और बचाव कार्य तत्काल शुरू किया जा सके।
जहां पहले हुआ जलभराव, वहां विशेष निगरानी
महानदी के किनारे बसे उन आबादी क्षेत्रों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पूर्व में जलभराव की स्थिति बन चुकी है। ऐसे क्षेत्रों में मुनादी कराकर ग्रामीणों को संभावित जलभराव और बाढ़ की स्थिति के प्रति सचेत करने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की जानकारी देने को कहा गया है।
सुरक्षित स्थान पहले से चिन्हित करने के निर्देश
कलेक्टर महोबे ने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में देरी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए संभावित प्रभावित क्षेत्रों के नजदीक सुरक्षित स्थानों का पूर्व से चिन्हांकन कर वहां आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
बचाव उपकरणों के साथ तैयार रहें अधिकारी
प्रशासन ने संबंधित विभागों को नदी और जलस्तर की स्थिति पर सतत निगरानी रखने के साथ आवश्यक संसाधनों और बचाव उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा है। प्रशासन का फोकस संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में समय रहते सतर्कता बरतने और जरूरत पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू करने पर है।
बारिश और बांध से पानी छोड़े जाने के बीच प्रशासन की सक्रिय निगरानी से महानदी के तटीय क्षेत्रों में संभावित जलभराव से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी गई हैं।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More