
KPN24:- कई दशकों से नक्सलवाद का दंश झेल रहे सुकमा में रविवार 18 मई को खुशियां देखने को मिली. जगरगुंडा के निवासियों को अब औपचारिक बैंकिंग सेवाएं मिलने लगी है. रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इंडियन ओवरसीज बैंक की नई शाखा का वर्चुअल उद्घाटन किया. जिस इमारत में इंडियन ओवरसीज बैंक स्थित है, उसे पहले भी नक्सलियों ने निशाना बनाया था. वित्तीय समावेशन की दिशा में यह साय सरकार का बड़ा कदम है. इस बैंक के खुल जाने से आस-पास के 12 गांवों के लगभग 16,000 लोगों को लाभ मिलेगा।
सीएम साय ने इस दौरान कहा कि आज का दिन इस क्षेत्र के लोगों के लिए ऐतिहासिक है. लंबे समय से यह क्षेत्र नक्सलवाद से प्रभावित रहा है. पिछले डेढ़ वर्षों में हमारी डबल इंजन की सरकार में हम बस्तर क्षेत्र में शांति स्थापित करने में कामयाब हुए हैं. यही कारण है कि आज यहां बैंक की नई शाखा खुली है. लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंच रहा है, सीएम साय ने आगे कहा कि बीते 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायत दिवस के अवसर पर प्रत्येक विकासखंड की 10 – 10 ग्राम पंचायतों में 1460 अटल पंचायत डिजिटल सेवा केंद्र प्रारंभ किए गए हैं. जहां ग्रामीणों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ मिलना प्रारंभ हो गया है. एक वर्ष में सभी ग्राम पंचायतों में इस सुविधा का विस्तार किया जाएगा. मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों को सुशासन तिहार की भी विस्तार से जानकारी दी.
घोर नक्सल इलाके में पहुंच रहा विकास:
बैंक की शाखा के उद्घाटन इस अवसर पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि जब वे दंतेवाड़ा में कलेक्टर थे, तब यह इलाका घोर नक्सल प्रभावित था. अंदरूनी इलाके में जाने के पहले सोचना पड़ता था. वर्ष 2001 में इस भवन में ग्रामीण बैंक की शाखा थी, जिसे नक्सलियों द्वारा लूटने का प्रयास किया गया था. आज इसी भवन में इंडियन ओवरसीज बैंक की शाखा खुल रही है. यहां से ग्रामीणों को तेंदूपत्ता बोनस, किसान सम्मान निधि जैसी अनेक योजनाओं की राशि गांव में ही मिलेगी.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बैंक में खुलवाया खाता
इस मौके पर छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री चौधरी ने बैंक परिसर में कैश काउंटर और शाखा प्रबंधक कार्यालय का निरीक्षण करते हुए बैंक में अपना भी खाता खुलवाया. उनके साथ महिला आयोग की सदस्य दीपिका सोरी ने भी बैंक में अपना खाता खुलवाया. उल्लेखनीय है कि बैंक के साथ ही एटीएम की सुविधा भी ग्रामीणों के लिए उपलब्ध कराई गई है.










