
छत्तीसगढ़ की बेटी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर बढ़ाया देश और प्रदेश का मान, मुख्यमंत्री ने कहा—खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में सरकार देगी हरसंभव सहयोग
Kpn24.com रायपुर 28 सितंबर 2026
एशियन गेम्स 2026 में स्वर्ण पदक जीतकर देश का गौरव बढ़ाने वाली भारतीय महिला कबड्डी टीम की सदस्य और छत्तीसगढ़ की बेटी संजू देवी का मुख्यमंत्री निवास में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने संजू देवी की ऐतिहासिक उपलब्धि के सम्मान में 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने अपने उत्कृष्ट खेल, कठिन परिश्रम और दृढ़ संकल्प के दम पर अंतरराष्ट्रीय मंच पर छत्तीसगढ़ और देश का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता प्रदेश की बेटियों और युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
संजू की सफलता से हजारों युवा खिलाड़ियों को मिलेगा हौसला
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसी खिलाड़ी की उपलब्धि केवल उसकी व्यक्तिगत सफलता नहीं होती, बल्कि वह हजारों युवाओं के सपनों को नई उड़ान देती है। संजू देवी की सफलता से छत्तीसगढ़ के गांवों और छोटे शहरों में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का सपना देख रहे बच्चों और युवाओं का आत्मविश्वास मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। राज्य सरकार का उद्देश्य है कि प्रदेश के दूरस्थ अंचलों से निकलने वाली प्रतिभाओं को भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का पर्याप्त अवसर मिले।
एशियन गेम्स के अनुभव भी साझा किए
मुख्यमंत्री साय ने संजू देवी से एशियन गेम्स के अनुभवों और भारतीय महिला कबड्डी टीम के शानदार प्रदर्शन को लेकर आत्मीय बातचीत की। उन्होंने संजू के खेल के प्रति समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
उल्लेखनीय है कि जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की महिला कबड्डी स्पर्धा में भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में ईरान को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस गौरवपूर्ण उपलब्धि में छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले की संजू देवी ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।
सम्मान से उत्साहित संजू देवी
मुख्यमंत्री से मिले सम्मान और 51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि की घोषणा पर संजू देवी ने आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार से मिला यह प्रोत्साहन उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित करेगा।










