"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

कर्तव्य की वेदी पर प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को नमन, जांजगीर में शहीद परिवारों का हुआ सम्मान

Kpn24.com जांजगीर-चांपा 21 अक्टूबर 2026

देश की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की रक्षा करते हुए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को जांजगीर में भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। पुलिस लाइन खोखरा-भांठा में 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस परेड आयोजित कर शहीदों के अदम्य साहस और शौर्य को नमन किया गया। इस अवसर पर जांजगीर-चांपा और शक्ति जिले के शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया

154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का हुआ वाचन
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (आईपीएस) ने 1 सितंबर 2025 से 31 अगस्त 2026 के बीच देशभर में कर्तव्य निर्वहन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के नामों का वाचन किया। इसके बाद शहीदों की सूची स्मारक पर रखी गई और पुलिस जवानों ने शोक शस्त्र की कार्रवाई के साथ वीर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सांसद, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने किया शहीद परिवारों का सम्मान
समारोह में सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, कलेक्टर जनमेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। इस दौरान परिजनों से आत्मीय चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली गई।
जांजगीर-चांपा जिले के शहीद पुलिसकर्मी
प्रधान आरक्षक रामशंकर पाण्डेय
आरक्षक रामकुमार कश्यप
उपनिरीक्षक लोकेश टंडन
आरक्षक समय लाल कश्यप
उपनिरीक्षक रुद्रप्रताप सिंह
शक्ति जिले के शहीद पुलिसकर्मी
उपनिरीक्षक दीपक भारद्वाज
आरक्षक मनोहर लाल चंद्रा
आरक्षक मनोज कुमार बरेठ
आरक्षक कमलेश कुमार साहू
21 अक्टूबर को क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?
21 अक्टूबर 1959 को भारत-चीन सीमा के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में मातृभूमि की रक्षा करते हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के 10 वीर जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था। उन्हीं की शहादत की स्मृति में प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है। यह दिन देश की सुरक्षा में अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों के अदम्य साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को याद करने का अवसर है।
पुलिस बल का योगदान अविस्मरणीय
पुलिस स्मृति दिवस केवल शहीदों को श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं, बल्कि उनके परिवारों के प्रति सम्मान, संवेदना और कृतज्ञता व्यक्त करने का भी दिन है। देश की आंतरिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस बल का योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा।
अधिकारी-कर्मचारी रहे उपस्थित
कार्यक्रम में 11वीं बटालियन पुटपुरा, जांजगीर के सेनानी विमल बैस, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शक्ति पंकज पटेल, डीएसपी मुख्यालय जांजगीर विजय कुमार पैकरा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, सीएसपी जांजगीर श्रीमती योगिताबाली खापर्डे, जिला सेनानी श्रीमती योगिता साहू, रक्षित निरीक्षक प्रदीप कुमार जोशी सहित पुलिस विभाग के विभिन्न अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More