
Kpn24.com जांजगीर-चांपा 27 अक्टूबर 2026
जांजगीर-चांपा पुलिस ने फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन बाज के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए चार स्थायी वारंटियों को गिरफ्तार किया है। इनमें हत्या के मामले में पिछले 13 वर्षों से फरार चल रहा एक वारंटी भी शामिल है।
अकलतरा पुलिस ने उसे बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। वहीं, मुलमुला पुलिस ने मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार एक अन्य स्थायी वारंटी को पकड़कर न्यायालय में पेश किया।
हत्या के मामले में 13 साल से था फरार
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (भा.पु.से.) के दिशा-निर्देशन में फरार स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम गठित कर बिलासपुर जिले के सीपत थाना क्षेत्र में दबिश दी गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने हत्या के मामले में पिछले 13 वर्षों से फरार स्थायी वारंटी राजकुमार गोड (26 वर्ष), निवासी लुथरा, थाना सीपत, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार किया।
आठ साल से फरार दो अन्य वारंटी भी गिरफ्तार
पुलिस की इसी कार्रवाई में दो अन्य मामलों में पिछले आठ वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें अमन साहू (19 वर्ष), निवासी गुड़ी, थाना सीपत तथा जीवन राज (26 वर्ष), निवासी लुथरा शरीफ, थाना सीपत, जिला बिलासपुर शामिल हैं।
अकलतरा पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से फरार चल रहे तीन स्थायी वारंटियों को पकड़ने में सफलता मिली।
मुलमुला पुलिस ने भी एक वारंटी को पकड़ा
इधर, थाना मुलमुला पुलिस ने मारपीट के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे भोंदल (32 वर्ष), निवासी कोसा को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
ऑपरेशन बाज के तहत की गई इस कार्रवाई में थाना अकलतरा के प्रभारी निरीक्षक जय साहू, थाना मुलमुला के प्रभारी निरीक्षक शिवानंद सिंह, अकलतरा थाने के प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नितिन चंद्रवंशी, प्रधान आरक्षक कमलेश्वर मिश्रा तथा आरक्षक महेन्द्र राज, राजेन्द्र कहरा और शेषनारायण साहू का योगदान रहा।
वहीं, थाना मुलमुला से आरक्षक राजेश कश्यप और ओमप्रकाश डहरिया ने भी कार्रवाई में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।










