
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बोले—रोगियों की सेवा को पुण्य कार्य मानकर पूरी निष्ठा और संवेदनशीलता से निभाएं जिम्मेदारी
kpn24.com रायपुर 27 अक्टूबर 2026
छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग के विभिन्न संवर्गों के 520 नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए।
ये कर्मचारी प्रदेश के 14 जिलों में सेवाएं देंगे, जिससे विशेष रूप से जनजातीय और दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री साय ने नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि स्वास्थ्य विभाग में सेवा का अवसर केवल नौकरी नहीं, बल्कि जनसेवा का महत्वपूर्ण दायित्व है। अस्पताल आने वाले मरीज और उनके परिजन स्वास्थ्यकर्मियों से बड़ी उम्मीद रखते हैं। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी रोगियों के प्रति संवेदनशीलता, ईमानदारी और सेवाभाव के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे।
उन्होंने कहा कि स्वस्थ छत्तीसगढ़ ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। राज्य सरकार नए मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, अस्पतालों में आधुनिक सुविधाओं के विस्तार और स्वास्थ्य अमले को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को समय पर गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध हो और भौगोलिक दूरी इलाज में बाधा न बने।
छह संवर्गों में हुई नियुक्तियां
स्वास्थ्य विभाग में नियुक्त 520 कर्मचारियों में 208 स्टाफ नर्स, 95 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (पुरुष), 94 ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक (महिला), 25 फार्मासिस्ट, 50 वार्ड बॉय और 48 वार्ड आया शामिल हैं। इन नियुक्तियों से 14 जिलों में स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन के लिए आवश्यक मानव संसाधन उपलब्ध होगा।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि सभी 520 कर्मचारियों की भर्ती प्रक्रिया निर्धारित समयसीमा में पारदर्शिता के साथ पूरी की गई है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए आवश्यकता के अनुसार आगे भी भर्तियां की जाएंगी। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से अनुशासन और समर्पण के साथ काम करने की अपील की।
कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा सहित प्रदेश के विभिन्न मंत्री, स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित रहे।










