
प्रति एकड़ 13,839 रुपये की मिलेगी एक समान सहायता राशि, 21 क्विंटल तक धान खरीदी और 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ
kpn24.com रायपुर 14 नवंबर 2026
छत्तीसगढ़ में 15 नवंबर से खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए धान खरीदी महाअभियान शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों को राहत देते हुए कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपये की एक समान आदान सहायता देने का प्रावधान किया है।
इस व्यवस्था की खास बात यह है कि किसान निर्धारित अधिकतम सीमा 21 क्विंटल से कम धान बेचता है, तब भी उसे पात्र पंजीकृत रकबे के अनुसार पूरी सहायता राशि मिलेगी। उदाहरण के तौर पर एक एकड़ के किसान को 13,839 रुपये, दो एकड़ पर 27,678 रुपये और तीन एकड़ पर 41,517 रुपये की सहायता मिलेगी।
इस वर्ष किसानों से प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जाएगी। न्यूनतम समर्थन मूल्य और राज्य सरकार की सहायता मिलाकर किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल का लाभ देने की व्यवस्था है।
धान खरीदी के लिए प्रदेशभर में 3,100 उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। अब तक 3 लाख 50 हजार 972 टोकन पंजीकृत हो चुके हैं। खरीदी केंद्रों पर बारदाने, तौल उपकरण और धान के सुरक्षित भंडारण सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
गौरतलब है कि कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ वर्ष 2023 से 2025 तक प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों को कुल 35,904 करोड़ 90 लाख रुपये का भुगतान किया जा चुका है।
राज्य सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से कम उत्पादन वाले किसानों को भी आर्थिक सुरक्षा मिलेगी और उन्हें अपनी उपज बेचने के लिए निर्धारित अधिकतम सीमा तक पहुंचने की बाध्यता नहीं रहेगी। 15 नवंबर से शुरू होने वाला यह अभियान प्रदेश के लाखों किसानों के लिए महत्वपूर्ण रहेगा।










