"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

मामूली विवाद ने लिया था खूनी रूप! चाकू और लोहे की चेन से जानलेवा हमला करने वाला आरोपी 16 माह बाद गिरफ्तार

अकलतरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, घटना के बाद से फरार चल रहा था आरोपी; हत्या के प्रयास के मामले में भेजा गया जेल

kpn24.com जांजगीर-चांपा 14 नवंबर 2026

गाड़ी पर बैठकर सिगरेट पीने जैसी मामूली बात पर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोपियों ने युवक पर चाकू और लोहे की चेन से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गया। इस सनसनीखेज मामले में घटना के बाद से करीब 16 माह तक फरार चल रहे आरोपी को आखिरकार अकलतरा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना 6 अगस्त 2025 की है। अमन सारथी अपने साथियों के साथ कपड़े खरीदने अकलतरा आया था। इसी दौरान सिंघानिया पेट्रोल पंप के पास एक युवक आशीष यादव के ठेले पर सिगरेट लेने पहुंचा और वहां खड़ी मोटरसाइकिल पर बैठकर सिगरेट पीने लगा। इसी बात को लेकर यूडी यादव और उसके साथियों ने विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों, चाकू और लोहे की चेन से हमला कर दिया। चाकू के वार से निलेश्वर भैना के पेट में गंभीर चोट आई और वह बेहोश हो गया।

मामले में अकलतरा थाने में अपराध क्रमांक 360/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1), 3(5) के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। बाद में धारा 191(2) भी जोड़ी गई।

16 माह तक पुलिस को दे रहा था चकमा

इस मामले में कुल 9 आरोपी शामिल थे। इनमें से 8 आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी, जबकि एक आरोपी घटना के बाद से लगातार फरार चल रहा था। करीब 16 माह बाद आरोपी के अपने घर आने की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. युलैण्डन यार्क के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में गठित टीम ने मोहनपारा वार्ड क्रमांक 07, रेलवे कॉलोनी अकलतरा निवासी प्रिंस कुमार ध्रुव उर्फ प्रिंस भाटिया (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त काले रंग की स्कूटी क्रमांक CG 10 AU 5830 भी जब्त की गई। पुलिस ने आरोपी को 14 नवंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा जय कुमार साहू, उप निरीक्षक बाबूलाल कोसरिया, आरक्षक शेषनारायण साहू सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही। 16 माह से फरार आरोपी की गिरफ्तारी को अकलतरा पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More