
बिलासपुर में जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन, 120 करोड़ रुपये के 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन — शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा की 28 प्रतिभाओं का सम्मान
Kpn24.com बिलासपुर 16 नवंबर 2026
जनजातीय समाज का इतिहास केवल संघर्ष और बलिदान की गाथा नहीं, बल्कि साहस, स्वाभिमान और अपनी संस्कृति की रक्षा के अदम्य संकल्प का प्रतीक है। भगवान बिरसा मुंडा से लेकर छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह तक, जनजातीय नायकों का योगदान देश की स्वतंत्रता और सामाजिक अधिकारों के संघर्ष में सदैव स्मरणीय रहेगा। इन महान विभूतियों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर नई पीढ़ी शिक्षा, आत्मनिर्भरता और विकास के रास्ते पर आगे बढ़े। विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाए। यह बात मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस समारोह को संबोधित करते हुए कही।
लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित इस समारोह में मुख्यमंत्री ने लगभग 120 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत का संरक्षण, उनके अधिकारों की रक्षा और सर्वांगीण विकास राज्य सरकार का संकल्प है।
भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष को किया नमन
मुख्यमंत्री साय ने जनजातीय गौरव दिवस की शुभकामनाएं देते हुए धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के महान जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन की दमनकारी नीतियों के खिलाफ संघर्ष का बिगुल फूंका और समाज को अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत कर जनजातीय समाज के ऐतिहासिक योगदान को राष्ट्रीय पहचान और सम्मान दिलाने का कार्य किया है।
मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ के अमर शहीद वीर नारायण सिंह के योगदान को याद करते हुए कहा कि अकाल के दौरान भूख से परेशान लोगों की सहायता करना और अन्याय एवं शोषण के विरुद्ध आवाज उठाना उनके साहस और जनसेवा का परिचायक है। उन्होंने युवाओं से नवा रायपुर स्थित जनजातीय नायकों के संग्रहालय का अवलोकन कर अपने गौरवशाली इतिहास को जानने का आह्वान किया।
जनजातीय अंचलों तक पहुंच रही विकास की सुविधाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के माध्यम से दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों में आवास, सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। विशेष पिछड़ी जनजातियों की बसाहटों तक मोबाइल चिकित्सा इकाइयों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि जनजातीय युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक कौशल से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है। एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, छात्रावासों और उच्च शिक्षण संस्थानों के विस्तार के साथ ओरछा एवं जगरगुंडा में एजुकेशन सिटी विकसित की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्रों में शांति और सुरक्षा का वातावरण बनने से अब शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आजीविका के नए अवसर विकसित हो रहे हैं। कृषि, पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर जनजातीय परिवारों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण में निभाई अहम भूमिका
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस अपने महान पूर्वजों के संघर्ष और बलिदान को याद करने का अवसर है। जनजातीय समाज ने जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ देश की स्वतंत्रता के लिए भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का त्याग, तपस्या और संघर्ष आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने और सामाजिक एकता को मजबूत बनाए रखने का आह्वान किया।
वनवासी कल्याण आश्रम के योगेश बापट ने जनजातीय समाज की परंपराओं, सामूहिक जीवनशैली और पारंपरिक औषधीय ज्ञान के संरक्षण की आवश्यकता पर बल दिया। आदिवासी समाज के संरक्षक वेद सिंह मरकाम ने भी समारोह को संबोधित किया।
संस्कृति की झलक के साथ 28 प्रतिभाओं का सम्मान
समारोह में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की आकर्षक झलक देखने को मिली। भगवान बिरसा मुंडा के जीवन एवं संघर्ष पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की गई। मुख्यमंत्री ने जनजातीय जननायकों के जीवन पर केंद्रित फोटो प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।
इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज की ओर से मुख्यमंत्री का विशाल गजमाला पहनाकर स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता के विजेता दलों को बधाई दी गई। वहीं शिक्षा, खेल, कला और समाजसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 28 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी उपलब्धियां समाज की नई पीढ़ी को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेंगी।
समारोह में विधायक अमर अग्रवाल, धरमलाल कौशिक, सुशांत शुक्ला, दिलीप लहरिया एवं अटल श्रीवास्तव, महापौर पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी, पाठ्यपुस्तक निगम अध्यक्ष राजा पांडे, गोंडवाना गोंड महासभा के अध्यक्ष शिशुपाल सिंह शोरी सहित विभिन्न जनजातीय समाजों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










