
मनीष विद्यार्थी खरगोन मध्यप्रदेश
Kpn24.com खरगोन 18 नवंबर 2026
कृषि उपज के अवैध परिवहन और मंडी अधिनियम के उल्लंघन पर कृषि उपज मंडी समिति करही ने सख्त रुख अपनाया है। मंडी सचिव एवं स्थानीय उड़नदस्ता दल की सक्रियता से एक ही दिन में अवैध परिवहन के दो अलग-अलग मामले पकड़े गए। इनमें एक मामला 90 क्विंटल डॉलर चने के अवैध परिवहन का है, जबकि दूसरा मामला 40 क्विंटल कपास के परिवहन से जुड़ा है। दोनों मामलों में मंडी प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कुल 80,324 रुपये की राशि जमा करवाई।
मध्यप्रदेश राज्य कृषि विपणन बोर्ड के प्रबंध संचालक के निर्देश, मंडी बोर्ड के संयुक्त संचालक, आंचलिक कार्यालय इंदौर के निर्देशन तथा कृषि उपज मंडी समिति करही के भारसाधक अधिकारी एवं मंडी सचिव संतोष सिंह दीक्षित के मार्गदर्शन में मंडी क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है। इसी अभियान के तहत 17 नवंबर 2026 को स्थानीय उड़नदस्ता दल ने कृषि उपज का परिवहन करने वाले वाहनों की जांच के दौरान दो प्रकरण दर्ज किए।
90 क्विंटल डॉलर चने के अवैध परिवहन पर 70,142 रुपये की कार्रवाई
निरीक्षण के दौरान 90 क्विंटल अधिसूचित कृषि उपज डॉलर चने का अवैध परिवहन करते पाए जाने पर मंडी अधिनियम 1972 की धारा 19(6) के उल्लंघन में धारा 19(4) के तहत कार्रवाई की गई। इस मामले में पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में 63,450 रुपये, निराश्रित शुल्क 1,692 रुपये तथा शमन शुल्क 5,000 रुपये सहित कुल 70,142 रुपये जमा करवाए गए।
40 क्विंटल कपास के मामले में 10,182 रुपये जमा
इसी दिन उड़नदस्ता दल ने कपास के अवैध परिवहन का एक अन्य मामला भी पकड़ा। इसमें 40 क्विंटल कपास के अवैध परिवहन पर मंडी प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए 10,182 रुपये का प्रकरण बनाया और राशि जमा करवाई।
उड़नदस्ता दल की सक्रियता से अवैध परिवहन पर शिकंजा
इस कार्रवाई को स्थानीय उड़नदस्ता दल के उप निरीक्षक कमलसिंह चौहान एवं उप निरीक्षक नितिन कैथवास ने अंजाम दिया। मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कृषि उपज के अवैध परिवहन पर अंकुश लगाने और मंडी अधिनियम के प्रावधानों का पालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई का अभियान लगातार जारी रहेगा।
एक ही दिन में दो प्रकरण सामने आने से स्पष्ट है कि करही मंडी प्रशासन अब अवैध परिवहन के मामलों में सख्ती बरत रहा है। मंडी क्षेत्र में नियमों का उल्लंघन करने वालों पर निगरानी और कार्रवाई का सिलसिला आगे भी जारी रहने वाला है।










