"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

अब आसमान के तारे गिनने तक सीमित नहीं रहेंगे जनजातीय अंचलों के बच्चे, गांव में ही खुलेगा अंतरिक्ष का रहस्य!

‘स्पेस ऑन व्हील’ लेकर पहुंच रही विज्ञान भारती, इसरो के उपग्रहों के मॉडल देखकर विज्ञान की दुनिया से रूबरू हो रहे बच्चे; मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने की पहल की सराहना.

Kpn24.com रायपुर 18  नवंबर 2026

अब तक जिन बच्चों के लिए अंतरिक्ष सिर्फ आसमान में टिमटिमाते तारों और चमकते बिंदुओं तक सीमित था, उनके सामने अब इसरो के उपग्रहों के मॉडल पहुंच रहे हैं। यानी अब अंतरिक्ष को समझने के लिए न बड़े शहरों की प्रयोगशालाओं के चक्कर लगाने होंगे और न ही वैज्ञानिक संस्थानों के दरवाजे खटखटाने पड़ेंगे। विज्ञान खुद पहियों पर सवार होकर बच्चों के दरवाजे तक पहुंच रहा है। विज्ञान भारती की ‘स्पेस ऑन व्हील’ पहल जनजातीय अंचलों में बच्चों के सपनों को नई उड़ान देने की कोशिश कर रही है।

इस अनूठी पहल की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी सराहना की है। नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान विज्ञान भारती के प्रतिनिधियों से मुलाकात करते हुए मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों में वैज्ञानिक चेतना जगाने के प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार के प्रति जिज्ञासा ही नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव है। जनजातीय अंचलों के बच्चों को देश की वैज्ञानिक उपलब्धियों से परिचित कराने से उनमें नई चीजें जानने और समझने की रुचि विकसित होगी।

अब विज्ञान की किताबों से निकलकर बच्चों के सामने होगा!

विज्ञान भारती के प्रतिनिधि वर प्रसाद कोला ने मुख्यमंत्री को संस्था की गतिविधियों और उद्देश्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्था स्वदेशी विज्ञान आंदोलन के माध्यम से भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान के बीच संवाद स्थापित करने का काम कर रही है। इसमें देश के वरिष्ठ वैज्ञानिकों के साथ नई पीढ़ी के वैज्ञानिक भी जुड़े हैं। इसरो, आईसीएमआर, जैव प्रौद्योगिकी विभाग तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के विशेषज्ञ भी इस अभियान में योगदान दे रहे हैं।

‘स्पेस ऑन व्हील’ : पहियों पर चलती विज्ञान की पाठशाला

इस पहल की सबसे खास बात है इसका विशेष वाहन, जिसमें इसरो द्वारा प्रक्षेपित उपग्रहों के मॉडल और अंतरिक्ष विज्ञान से जुड़ी प्रदर्शन सामग्री रखी जाती है। वाहन के साथ मौजूद वैज्ञानिक और प्रशिक्षित शिक्षक बच्चों को सरल भाषा में उपग्रहों, अंतरिक्ष अभियानों और वैज्ञानिक अनुसंधान की बारीकियां समझाते हैं।

यानी जिन बच्चों ने अब तक अंतरिक्ष विज्ञान को केवल किताबों के पन्नों पर पढ़ा था, अब वे उसे अपनी आंखों के सामने देख और समझ सकेंगे। यह पहल केवल विज्ञान की जानकारी देने तक सीमित नहीं, बल्कि बच्चों के मन में वैज्ञानिक बनने और नई खोज करने का सपना जगाने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय के सहायक प्राध्यापक डॉ. कुशकुमार नायक तथा एनआईटी रायपुर के कंप्यूटर साइंस विभाग के प्रोफेसर डॉ. दिलीप कुमार सिसोदिया भी उपस्थित रहे।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More