"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

नारायणपुर जिले में जारी मुठभेड़ में 26 से ज्यादा मारे गए नक्सली।

KPN24:- छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित जिला नारायणपुर में सुरक्षाकर्मियों को बड़ी सफलता मिली, उपमुख्यमंत्री ने बताया कि इस मुठभेड़ में अभी तक 26 नक्सली मारे जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में पुलिस के एक सहयोगी की मौत हुई है, जबकि एक जवान घायल हुआ है। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान अभी जारी है।

समाचार एजेंसी पीटीआई ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि नारायणपुर जिले में जारी मुठभेड़ में 26 से ज्यादा नक्सली मारे जा चुके हैं। इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने बताया था नारायणपुर और बीजापुर जिले के सीमावर्ती क्षेत्र में स्थित अबूझमाड़ इलाके में माड़ डिवीजन के नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (DRG) नारायणपुर, डीआरजी दंतेवाड़ा, डीआरजी बीजापुर और डीआरजी कोंडागांव के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। उन्होंने बताया कि अबूझमाड़ क्षेत्र में आज सुबह डीआरजी के संयुक्त दल और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई।

उपमुख्यमंत्री ने क्या कुछ कहा?

राज्य के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के पास गृह विभाग भी है। उन्होंने बताया कि आज बहुत बड़ी सफलता जवानों को मिली है। 26 से अधिक नक्सली मारे गए हैं। इसमें बड़े नक्सली कैडर के मारे जाने की भी संभावना है। उन्होंने कहा कि यह इलाका नारायणपुर-सुकमा-बीजापुर जिले का सीमावर्ती क्षेत्र है तथा अबूझमाड़ और इंद्रावती नदी के मध्य स्थित है। शर्मा ने बताया कि डीआरजी जवानों और नक्सलियों की मुठभेड़ में एक जवान घायल हुआ है।

‘हथियार से नहीं होता समस्या का हल’

उपमुख्यमंत्री ने इसे सुरक्षाबलों की बड़ी सफलता करार देते हुए बताया कि क्षेत्र में खोजी अभियान जारी है। जल्द ही इस संबंध में अधिक जानकारी दी जाएगी। नक्सलियों से बातचीत के बारे में पूछे जाने पर शर्मा ने कहा, ”केंद्र और राज्य की सरकार एक भी गोली नहीं चलाना चाहती है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दो बार बस्तर के प्रवास पर कहा कि मैं निवेदन करता हूं कि नक्सली मुख्यधारा में जुड़े।मुख्यमंत्री ने भी यही कहा है। मेरा कहना है कि उचित लोग बातचीत करें, चर्चा करें। हथियार से समस्या का हल नहीं होता है, नक्सलियों को मुख्यधारा से जुड़ना चाहिए।”

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More