
मनीष विद्यार्थी बुरहानपुर।
KPN24:- जिलेभर में एटीएम हैक करने वाला एक गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने इस गिरोह के 5 सदस्यों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो पता चला कि यूपी का एक बड़ा दल जिले सहित सीमावर्ती महाराष्ट्र में भी फैला हुआ है और अलग-अलग घटनाओं को अंजाम दे रहे है।
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरु कर मिल रही जानकारी के आधार पर दबिश और जांच की कार्रवाई की जा रही है। जनता की सुरक्षा के लिहाज से आरोपियों के फोटो और गाड़ी नंबर सहित एक एडवाइजरी अलर्ट पुलिस ने जारी किया है। ताकि लोग सतर्क रहे और किसी तरह की धोखाधड़ी के शिकार न हो।
लालबाग पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बुधवार शाम को लालबाग स्थित शॉपिंग मॉल के एटीएम में योगेंद्र नामक एक युवक दस हजार रुपए निकालने गया तो उसके खाते से रुपए निकल जाने का मैसेज आने के बावजूद रुपए एटीएम से बाहर नहीं आए। इस पर संदेह के लिहाज से युवक ने मशीन को ध्यान से देखा तो उसे रुपए निकलने वाली जगह पर एक बारिक पट्टी चिपकी दिखी, जिसके खींचकर उसने निकाल दिया। इसके बाद उसने आसपास देखा तो एक संदेही युवक उसे नजर आया। योगेंद्र ने उससे पूछताछ की तो वह घबरा गया और अपने अन्य साथियों के पास चलकर रुपए वापस दिलवाने की बात करने लगा। इस पर युवक ने उस संदेही को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पूछताछ में उगला राज
लालबाग थाना प्रभारी अमितसिंह जादौन ने बताया कि हिरासत में आए एक संदेही से पूछताछ सख्ती से की तो उसने बाकी 4 साथियों के नाम और नंबर भी बता दिए। जिसके बाद तत्काल खोजबीन कर सभी को हिरासत में ले लिया गया है। मिली जानकारी के अनुसार सभी आरोपी यूपी के निवासी है और इनके अन्य साथी जिले के अलावा सीमावर्ती महाराष्ट्र में भी सक्रिय है। पुलिस शेष आरोपियों की तलाश में टीमें बनाकर सर्चिंग कर रही है।
गाड़ी पर लगा प्रेस का स्टीकर
बता दें कि आरोपियों की यूपी पासिंग गाड़ी पर काले शीशे लगे होने के साथ इस पर आगे और पीछे प्रेस का स्टीकर लगा है। आरोपियों ने पुलिस और परिवहन के जांच दलों की चेकिंग से बचने के लिए पत्रकार होने का ढोंग कर प्रेस का स्टीकर चस्पा किया था। फिलहाल शहर में हुए एटीएम हैक की घटना के सभी आरोपी पुलिस की हिरासत में है।
पुलिस ने जारी किया अलर्ट
पुलिस ने दोबारा कोई और घटना न हो इसके लिए सोशल मीडिया पर एक एडवाईजरी अर्लट जारी किया है। जिसमें पुलिस ने सभी आरोपियों के फोटो और उनकी गाड़ी का फोटो भी जारी किया है। साथ ही जनता से यह अपील की गई है कि किसी के साथ में ऐेसी कोई घटना हो तो तुरंत इसकी शिकायत नजदीकि पुलिस थाने में तत्काल करें।
शहर में भी दौड़ रही प्रेस और पुलिस लिखी गाडिय़ां
बता दें कि शहरभर में भी ऐसे कई वाहन है जिनमें काले शीशे लगे है और इन वाहनों पर प्रेस और पुलिस लिखा है और कई वाहनों पर हूटर और सायरन तक लगे है और भीड़ भरी जगहों से सायरन बजाते ये वाहन तेज रफ्तार निकल जाते है। यातायात पुलिस और परिवहन विभाग को इन वाहनों की जांच कर इनके प्रेस कार्ड और पुलिस की आईडी चेक करनी चाहीए।
हमारे द्वारा वाहनों की जांच के दौरान इस तरह के किसी वाहन पर संदेह होने पर जांच की जाती है। फिर भी ताजा आपराधिक घटनाक्रम के बाद और सख्ती बरती जाएगी और ऐसे स्टीकर लगे वाहनों के दस्तावेज जांचकर पूछताछ की जाएगी।
-चद्रंशेखर बाथम, परिवहन कार्यालय प्रभारी।










