"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

शेयर ट्रेडिंग का झांसा देकर 1.22 करोड़ की कर दी ठगी, दो आरोपी गिरफ्तार

KPN24:- पैसा दोगुना के लालच में हर साल हजारों लोग करोड़ों रुपए की ठगी का शिकार हो रहे हैं उसके बाद भी आम लोगों का लालच कम नहीं हो रहा है , हाल ही में बलौदा बाजार जिले में फिर शेयर मार्केट में निवेश कर दोगुना लाभ कमाने का लालच देकर करोड़ों रुपए की उगाही करने के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों द्वारा ठगी की गई रकम को कई फर्जी संस्थाओं के नाम से निवेश करने के संबंध में भी पता चला है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी रामनारायण साहू द्वारा अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर ठगी का जाल बुना था। इनके द्वारा कसडोल, लवन, गिधौरी, महासमुंद, रायगढ़ आदि कई लोगों से शेयर ट्रेडिंग में निवेश कराने के नाम पर ठगी की थी। आरोपियों की गिरफ्तार के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने इस ठगी प्रकरण में शामिल आरोपी रामनारायण साहू और हेमंत साहू को गिरफ्तार किया है।

आरोपियों के विरुद्ध थाना मंदिरहसौद जिला रायपुर में भी धोखाधड़ी का एक प्रकरण दर्ज है। आरोपी रामनारायण एंटी करप्शन फाउंडेशन ऑफ़ इंडिया दिल्ली जर्नलिज्म एंड इन्वेस्टिगेशन रिसर्च इंस्टीट्यूटए दिल्ली क्राइम भ्रष्टाचार विरोधी मोर्चा आदि नामक संस्थाओं का परिचय पत्र रखता था। प्रार्थी गोपाल प्रसाद देवांगन निवासी कटगी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी ग्राम कटगी बस स्टैंड में एल्युमिनियम स्टील वर्कशॉप की दुकान है। ग्राम महकम निवासी आरोपी रामनारायण साहू से रेलिंग लगाने के काम के दौरान जान पहचान हुई थी। तब रामनारायण साहू एवं अन्य आरोपियों द्वारा उसे शेयर मार्केट में रकम लगाने एवं 02 वर्ष में सारा पैसा डबल करके देने का झांसा दिया गया।
इसी झांसे में आकर प्रार्थी द्वारा आरोपियों को अलग-अलग तिथियों में नगदी, फोन-पे एवं विभिन्न माध्यमों से कुल 19.43.000 दिया गया। इसी प्रकार आरोपियों द्वारा प्रार्थी के मित्र राजेश कुमार देवांगन एवं अनिल कुमार प्रजापति से भी शेयर मार्केट में रकम लगाकर दोगुना रकम वापसी करने का झांसा देते हुए ठगी की गई। इस प्रकार आरोपियों द्वारा शेयर ट्रेडिंग में 02 वर्ष में रकम का दोगना कर वापस करने का झांसा देते हुए कुल 40.82.000 रकम की ठगी की गई है।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कसडोल में अपराध क्रमांक 378/2025 धारा 420, 34 का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। इसी प्रकार आरोपियों द्वारा 2024 में प्रार्थी राजकुमार यदु से 82.00.000 की ठगी की गई थी। जिस पर रामनारायण साहू और अन्य के विरुद्ध धारा 318 (4), 3 (5) बीएनएस का अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों द्वारा कसडोल, लवन, गिधौरी, शिवरीनारायण, महासमुंद, रायगढ़ आदि के भी कई लोगों के साथ भी शेयर ट्रेडिंग में पैसे लगाकर कम समय मे पैसा दोगुना करने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की ठगी करने के संबंध में जानकारी मिल रही है। जिसके संबंध में जांच तस्दीक कार्यवाही की जा रही है।
इस प्रकरण में एसपी भावना गुप्ता द्वारा गहन जांच तस्दीक एवं विवेचना करते हुए ठगी करने वाले सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने हेतु निर्देशित किया गया। साथ ही प्रकरण में संपूर्ण जांच, पीड़ितों से आवेदन लेने आरोपियों की पता तलाश करने संबंधित आरोपियों की संपत्ति जब्त/कुर्की की कार्यवाही करने एवं उच्चतम विवेचना हेतु अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बलौदाबाजार के निर्देशन एवं सहायतार्थ अधिकारी कौशल किशोर वासनिक, उप पुलिस अधीक्षक कैंप कसडोल, तुलसी लेकाम उप पुलिस अधीक्षक साइबर सेल के नेतृत्व में एक विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया है।
अभी तक की जांच में यह तथ्यों सामने आया है कि आरोपी रामनारायण साहू पेशे से शासकीय स्कूल सोनाखान में शिक्षक है, जिसके द्वारा अपने परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर शेयर मार्केट में निवेश कर जमा की गई रकम 2 वर्ष में दोगुना कर वापस करने का झांसा देते हुए आसपास के क्षेत्र के लोगों से ठगी कर करोड़ों रुपये लिए गए हैं।
प्रकरण में बुधवार को दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। इसके साथ ही गिरफ्तार दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ भी जारी है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More