
KPN24:- मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले की कलेक्टर नेहा मीना आज सुबह अपने सरकारी बंगले से ऑफिस के लिए रवाना होते समय एक गंभीर सड़क हादसे में बाल-बाल बच गईं। उनके बंगले के बाहर तेज रफ्तार डंपर ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी गाड़ी डिवाइडर पर चढ़ गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के वक्त कलेक्टर नेहा मीना, उनके सुरक्षा गार्ड और ड्राइवर गाड़ी में मौजूद थे, लेकिन सौभाग्यवश सभी सुरक्षित रहे और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना सुबह लगभग 10 बजे हुई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कलेक्टर की गाड़ी के अगला हिस्सा गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ। हादसे के तुरंत बाद पुलिस मौके पर पहुंची, डंपर को जब्त किया और चालक को हिरासत में ले लिया गया। उसके खिलाफ सड़क सुरक्षा अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। प्रशासन के अनुसार घटना में कलेक्टर और उनके स्टाफ को कोई गंभीर चोट नहीं आई, और वे सुरक्षित हैं। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है, ताकि घटना के पीछे की पूरी परिस्थिति स्पष्ट हो सके।
इस घटना की वजह से झाबुआ में प्रशासन और आमजन दोनों में काफी हड़कंप मच गया। गाड़ी की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिससे दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।
स्रोत के अनुसार, कलेक्टर नेहा मीना 2014 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और उन्हें नवाचार एवं विकास के लिए प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।










