"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

दिनदहाड़े लूट का मामला निकला फर्जी, आरोपी ने खुद रची थी साजिश: 11.79 लाख रुपये के साथ गिरफ्तार

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में हाल ही में सामने आई 11 लाख 79 हजार रुपये की कथित लूट की सनसनीखेज खबर ने पूरे क्षेत्र में हड़कंप मचा दिया था। लेकिन पुलिस की सघन जांच और तकनीकी पड़ताल ने इस पूरे मामले की सच्चाई उजागर कर दी। चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि यह लूटकांड पूरी तरह से फर्जी था और इसकी साजिश खुद कथित पीड़ित दीपेश देवांगन ने रची थी।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपेश ने पुलिस को बताया था कि वह यूनियन बैंक चांपा में रकम जमा करने जा रहा था, तभी लूट की वारदात हुई। लेकिन पुलिस को शुरू से ही इस कहानी पर शक था। जांच के दौरान जब बयान और तकनीकी साक्ष्यों में लगातार विरोधाभास मिले, तो पुलिस ने साइबर सेल की मदद ली और मामले की तह में पहुंचकर सच्चाई सामने लाई।

जांच में पता चला कि दीपेश किसी भी लूट का शिकार नहीं हुआ था, बल्कि वह भारी कर्ज के दबाव में था। इसी वजह से उसने खुद ही लूट की झूठी कहानी गढ़ी और रकम छिपा दी। पुलिस द्वारा घटनास्थल की जांच में लूट के कोई प्रमाण नहीं मिले। संदेह गहराने पर जब पुलिस ने दीपेश के घर पर दबिश दी, तो वहां से 11 लाख 79 हजार 800 रुपये नकद और एक लैपटॉप बरामद किया गया।

बम्हनीहडीह पुलिस ने दीपेश देवांगन के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 217 और 316(2) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस मामले में एसपी विजय पाण्डेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने आम जनता से अपील की कि झूठे मामलों से बचें और पुलिस को सही सूचना दें, जिससे समय और संसाधनों की बर्बादी न हो सके। उन्होंने चेतावनी दी कि इस प्रकार की हरकतों को गंभीरता से लिया जाएगा और कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More