
KPN24 :- छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आयोजित प्रयोगशाला परिचारक भर्ती परीक्षा आगामी 03 अगस्त 2025 (रविवार) को जांजगीर-चांपा जिले के 19 व सक्ती जिले के कुल 17 परीक्षा केन्द्रों में आयोजित की जाएगी। परीक्षा को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं।
परीक्षा से पूर्व, जिले में नियुक्त नोडल अधिकारी एवं समन्वयक द्वारा सभी परीक्षा केन्द्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों की एक बैठक आयोजित कर विस्तृत ब्रीफिंग दी गई। इस दौरान परीक्षा की प्रक्रिया, उत्तरदायित्व, एवं अनुशासनात्मक दिशा-निर्देशों से उन्हें अवगत कराया गया।
परीक्षा प्रातः 11:00 बजे से दोपहर 01:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। जिला प्रशासन ने सभी परीक्षार्थियों से अपील की है कि वे अपने निर्धारित परीक्षा केन्द्र की पहचान एक दिन पूर्व ही कर लें, ताकि परीक्षा के दिन किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
साथ ही, परीक्षार्थियों को व्यापम द्वारा जारी निर्देशों का पालन करते हुए, सभी आवश्यक दस्तावेज जैसे एडमिट कार्ड और पहचान पत्र के साथ समय पर परीक्षा केन्द्र पर उपस्थित होने की सलाह दी गई है।
जिला प्रशासन ने परीक्षा के दौरान शांति, निष्पक्षता एवं पारदर्शिता बनाए रखने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की हैं।










