"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

संपूर्णता अभियान में उत्कृष्ट कार्य करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को किया गया सम्मानित

KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में आयोजित एक भव्य समारोह में संपूर्णता अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले आकांक्षी जिलों और विकासखंडों को सम्मानित किया। जुलाई 2024 से सितंबर 2024 तक तीन माह तक चलाए गए इस अभियान में सभी छह निर्धारित संकेतकों में पूर्ण संतृप्ति प्राप्त करने वाले जिलों और विकासखंडों को स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत की परिकल्पना में देश के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर दूरस्थ क्षेत्रों और विशेष पिछड़ी जनजातियों (PVTGs) के समावेशी विकास की विशेष आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनमन योजना और धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ के दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं तेजी से पहुंच रही हैं।

मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि संपूर्णता अभियान के अंतर्गत राज्य के 6661 गांवों को शामिल कर शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण और बुनियादी ढांचे जैसे प्रमुख क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए संबंधित जिलों और विकासखंडों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी।

स्वर्ण पदक से नवाजे गए जिले और विकासखंड

संपूर्णता अभियान के दौरान छह प्रमुख संकेतकों – एएनसी पंजीकरण, पूरक पोषण, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, बच्चों का पूर्ण टीकाकरण, स्कूलों में बिजली की उपलब्धता, और समय पर पाठ्यपुस्तक वितरण – में पूर्ण संतृप्ति हासिल करने वाले बस्तर और कोंडागांव जिलों को स्वर्ण पदक प्रदान किया गया। इसी तरह शंकरगढ़, मैनपुर, माकड़ी, कोयलीबेड़ा, ओरछा और प्रतापपुर विकासखंडों को भी स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया।

अन्य पदक विजेता

रजत पदक : दंतेवाड़ा, कोरबा, कांकेर, नारायणपुर जिलों और लखनपुर, बैकुंठपुर, दुर्गकोंदूल, गौरेला-2, कोरबा, पिथौरा विकासखंडों को

कांस्य पदक : बीजापुर जिला और गरियाबंद, उसूर, पोड़ी उपरोड़ा, बोड़ला, तोकापाल, कुआंकोंडा विकासखंडों को

ताम्र पदक : मानपुर-मोहला-अंबागढ़ चौकी, महासमुंद, सुकमा जिलों और अंबागढ़ चौकी विकासखंड को प्रदान किया गया।

राज्य नेतृत्व की उपस्थिति

सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव, विजय शर्मा, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, गुरु खुशवंत साहेब सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्य सचिव अमिताभ जैन एवं योजना, आर्थिक और सांख्यिकी विभाग के सचिव अंकित आनंद ने संपूर्णता अभियान की प्रगति और परिणामों की विस्तृत जानकारी साझा की। नीति आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।

उप मुख्यमंत्री का संबोधन

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि वर्ष 2018 से शुरू हुए आकांक्षी जिला कार्यक्रम का उद्देश्य विकास की दौड़ में पीछे रह गए जिलों और ब्लॉकों को मुख्यधारा में लाना है। उन्होंने कहा कि मानव विकास सूचकांकों पर विशेष फोकस कर इन्हें संतृप्त करने की दिशा में ठोस कार्य हो रहे हैं।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भी कहा कि शारीरिक अवसंरचना के साथ-साथ मानव सूचकांकों में प्रगति सुनिश्चित करना इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है, और इसमें राज्य के जिलों ने उल्लेखनीय कार्य किया है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More