"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

निर्माणाधीन सिंचाई परियोजनाएं होंगी प्राथमिकता से पूर्ण

KPN24 :-छत्तीसगढ़ में लंबित सिंचाई परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज मंत्रालय महानदी भवन में जल संसाधन विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में तेजी लाने के लिए ठोस रणनीति अपनाई जाए और निर्माणाधीन परियोजनाओं को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए।

मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशभर में चल रही जल संसाधन परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी ली और विशेष रूप से वर्ष 2015 से पूर्व शुरू हुई लेकिन अधूरी परियोजनाओं की प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं के अधूरे रहने से प्रदेश के कृषकों को योजनाओं का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है, जिससे सिंचाई क्षमता प्रभावित हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “छत्तीसगढ़ किसानों का राज्य है। सिंचाई परियोजनाओं की पूर्णता से ही किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध हो सकेगा और सिंचित रकबे में वृद्धि होगी।” उन्होंने यह भी कहा कि बेहतर सिंचाई व्यवस्था से कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और उनका जीवन स्तर सुधरेगा।

बैठक में जल संसाधन विभाग के सचिव राजेश सुकुमार टोप्पो ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रदेश में संचालित विभिन्न सिंचाई परियोजनाओं की जानकारी दी। साथ ही लंबित योजनाओं की वर्तमान स्थिति से सभी अधिकारियों को अवगत कराया गया।

इस उच्चस्तरीय बैठक में जल संसाधन मंत्री केदार कश्यप, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद और राहुल भगत, संयुक्त सचिव डॉ. रवि मित्तल, जल संसाधन विभाग के प्रमुख अभियंता इंद्रजीत उईके सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने अंत में अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि सभी लंबित परियोजनाओं को तय समय-सीमा में पूर्ण करने हेतु मिशन मोड में कार्य किया जाए, ताकि प्रदेश के लाखों किसान लाभान्वित हो सकें।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More