"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

जिले में मनाया गया रोजगार दिवस, ग्रामीणों को दी गई जल संरक्षण, अमृत सरोवर और गुड गवर्नेंस की जानकारी

KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में प्रत्येक माह की 7 तारीख को आयोजित होने वाले रोजगार दिवस का आयोजन इस माह भी जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में मनरेगा जॉब कार्डधारी परिवारों और ग्रामीणों ने सहभागिता की।

इस अवसर पर ग्रामीणों को महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) के तहत चल रहे विभिन्न योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। इनमें जल संरक्षण, अमृत सरोवर योजना, हर घर तिरंगा, गुड गवर्नेंस, जनमनरेगा मोबाइल एप, एक पेड़ मां के नाम अभियान और मोर गांव-मोर पानी जैसे सामुदायिक एवं हितग्राही मूलक कार्य प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में बताया गया कि मनरेगा के तहत जल संरक्षण एवं संवर्धन कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है। इसमें जल संचयन संरचनाओं का निर्माण, सोखता गड्ढों की खुदाई, तालाबों का गहरीकरण और चेक डैम निर्माण जैसे कार्य शामिल हैं। अमृत सरोवर योजना के अंतर्गत गांवों में जलाशयों का निर्माण और पुनर्जीवन किया जा रहा है, जिससे वर्षा जल का संचयन और भूजल स्तर में सुधार सुनिश्चित किया जा सके।

“एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत ग्रामीणों द्वारा जनभागीदारी से पौधरोपण किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनमनरेगा मोबाइल एप की उपयोगिता भी बताई गई, जिसके माध्यम से ग्रामीण गांव में चल रहे कार्यों की निगरानी कर सकते हैं और योजनाओं की प्रगति को पारदर्शी रूप से देख सकते हैं। इससे जनभागीदारी और जवाबदेही में भी वृद्धि हो रही है।

मोर गांव – मोर पानी अभियान के तहत ग्रामीणों को जल प्रबंधन, सिंचाई सुविधाओं के विस्तार और पेयजल की उपलब्धता को सुनिश्चित करने के उपायों से अवगत कराया गया। साथ ही, सुशासन की अवधारणा पर चर्चा करते हुए बताया गया कि पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध क्रियान्वयन ही गुड गवर्नेंस की पहचान है।

कार्यक्रम के दौरान हर घर तिरंगा अभियान को लेकर भी ग्रामीणों को प्रेरित किया गया और अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

इस आयोजन में ग्राम पंचायत सचिव, ग्राम रोजगार सहायक, पंचायत प्रतिनिधि, महिला स्व-सहायता समूह के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More