
KPN24:- मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने सभी नागरिकों के सुख, समृद्धि और परस्पर सौहार्द की कामना करते हुए रक्षाबंधन को भाई-बहन के स्नेह, विश्वास और सुरक्षा के अटूट बंधन का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रक्षाबंधन केवल एक पारंपरिक त्यौहार नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं और पारिवारिक मूल्यों को दर्शाने वाला पर्व है। इस दिन बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें राखी बांधती हैं, वहीं भाई भी बहनों की रक्षा और सम्मान का संकल्प लेते हैं।
उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल पारिवारिक रिश्तों को मजबूत करता है, बल्कि समाज में आपसी विश्वास, करुणा और दायित्वबोध की भावना को भी प्रबल करता है। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि वे इस अवसर पर समाज में भाईचारा, सौहार्द्र और महिला सम्मान को और अधिक सशक्त करने का संकल्प लें।
मुख्यमंत्री साय ने विशेष रूप से प्रदेश की बहनों, बेटियों और मातृशक्ति को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, सुरक्षा और सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने आशा जताई कि यह पावन पर्व सभी नागरिकों के जीवन में प्रेम, उत्साह और नई ऊर्जा का संचार करेगा।










