
KPN24 :- आजादी की 79वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित आजादी का अमृत महोत्सव के तहत सक्ती जिले में “हर घर तिरंगा” अभियान पूरे उत्साह और भव्यता के साथ मनाया जा रहा है। जिले में इस राष्ट्रीय अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं, जिनमें बिहान स्व-सहायता समूह की दीदियों की सक्रिय भागीदारी उल्लेखनीय रही।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी वासु जैन के आह्वान पर बिहान समूह की दीदियों ने सक्ती विकासखंड के ग्राम पंचायत जेठा में तिरंगा रैली का आयोजन किया। इस रैली के माध्यम से दीदियों ने ग्रामवासियों को जागरूक करते हुए उन्हें हर घर तिरंगा फहराने और देशभक्ति की भावना से जुड़ने का आह्वान किया।
रैली के दौरान देशभक्ति के नारों और तिरंगे की शान में गूंजते गीतों ने माहौल को उत्सवमय बना दिया। दीदियों ने अपने उद्बोधन में कहा कि यह अभियान केवल तिरंगा फहराने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य हर नागरिक में देश प्रेम, राष्ट्रीय एकता और जिम्मेदारी की भावना को जागृत करना है।
स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता के साथ आयोजित इस रैली में लोगों ने बड़े उत्साह से हिस्सा लिया। बिहान दीदियों ने स्पष्ट किया कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी आजादी, संघर्ष और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने संकल्प लिया कि इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाकर अधिक से अधिक लोगों को इससे जोड़ेंगी।
गौरतलब है कि “हर घर तिरंगा” अभियान 2 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे जिले में चलाया जा रहा है, जिसमें सरकारी और गैर-सरकारी संगठनों सहित आम नागरिकों की भी व्यापक भागीदारी देखी जा रही है। सक्ती जिले में इस पहल के माध्यम से देशभक्ति की भावना को घर-घर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।










