
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला ऑडिटोरियम, जांजगीर में आज एग्रीस्टेक परियोजना के अंतर्गत फॉर्मर रजिस्ट्री हेतु एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर जन्मेजय महोबे मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यशाला में राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को परियोजना की बारीकियों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला में अपर कलेक्टर आर.के. तम्बोली, उप संचालक कृषि ललित मोहन भगत, कृषि विज्ञान केंद्र से के.डी. महंत, एसएलआर विनय पटेल, एसडीएम, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी, आरईओ सहित बड़ी संख्या में कृषि, उद्यानिकी एवं राजस्व विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री महोबे ने इस अवसर पर स्पष्ट निर्देश दिए कि एग्रीस्टेक पोर्टल पर किसानों का शत-प्रतिशत पंजीयन निर्धारित समय सीमा में किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। कलेक्टर ने कहा, “यह परियोजना शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है और किसानों की आय वृद्धि, कृषि उत्पादकता में सुधार तथा आधुनिक तकनीकों के प्रसार के लिए बेहद जरूरी है।”
उन्होंने तहसील स्तर पर मास्टर ट्रेनर नियुक्त करने के निर्देश दिए ताकि स्थानीय स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान हो सके। कार्यशाला के दौरान फॉर्मर रजिस्ट्री की तकनीकी प्रक्रिया, डेटा प्रविष्टि, सत्यापन के चरण, एवं पोर्टल पर अद्यतन जानकारी दर्ज करने जैसे पहलुओं पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया।
इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य किसानों की सटीक जानकारी संकलित कर पंजीयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना एवं एग्रीस्टेक परियोजना के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।










