"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

स्वतंत्रता की दौड़ में शामिल हुए मुख्यमंत्री साय, तिरंगे को बताया बलिदान का प्रतीक

KPN24 :- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज राजधानी रायपुर के मरीन ड्राइव में आयोजित भव्य स्वतंत्रता दौड़ में हिस्सा लिया और हजारों युवाओं के साथ दौड़ लगाकर स्वतंत्रता संग्राम के अमर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर उन्होंने भारत माता और अमर शहीद रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा, “हमारा तिरंगा हमारे पूर्वजों के वर्षों के संघर्षों और बलिदानों का जीवंत प्रतीक है। यह केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आकांक्षाओं और हमारी वीरता, शांति व समृद्धि की अमिट चेतना का प्रतीक है।”

श्री साय ने कहा कि देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरा देश तिरंगामय हो गया है। हर-घर तिरंगा अभियान और तिरंगा यात्राओं के माध्यम से यह उत्सव जन-जन तक पहुंचा है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा, “स्वतंत्रता दिवस हमें याद दिलाता है कि आज़ादी अनगिनत बलिदानों की अमूल्य देन है। लाखों देशभक्तों ने अपने प्राण न्योछावर किए, तब जाकर हमें यह आजादी मिली है।” उन्होंने यह भी कहा कि आज का दिन उन्हें बचपन की प्रभात फेरियों और गांवों में गूंजते देशभक्ति गीतों की याद दिला गया।

विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्ष 2047 तक के लिए हमने ‘विकसित छत्तीसगढ़ विज़न डॉक्यूमेंट’ तैयार किया है। हमारी सरकार उसी के अनुरूप कार्य कर रही है। यह सिर्फ सरकार नहीं, बल्कि हर नागरिक का साझा संकल्प है।”

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता दौड़ सिर्फ एक खेल आयोजन नहीं, बल्कि आजादी के संघर्ष का प्रतीकात्मक उत्तर है। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री मोदी के विकसित, स्वच्छ, स्वस्थ और श्रेष्ठ भारत के विजन को साकार करने के लिए मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में हम समृद्ध छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने की दिशा में कार्य कर रहे हैं।”

कार्यक्रम में विधायक पुरंदर मिश्रा, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक गुरु खुशवंत साहेब, विधायक अनुज शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के सचिव यशवंत कुमार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा शामिल हुए।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More