
KPN24 :- स्वतंत्रता दिवस के पूर्व संध्या पर जनपद पंचायत मालखरौदा में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान अंतर्गत तिरंगा रैली, कैनवास हस्ताक्षर अभियान और सेल्फी जोन जैसी विभिन्न गतिविधियों का भव्य आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में हुए इस आयोजन में क्षेत्रवासियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य आकर्षण रही 1000 मीटर लंबी तिरंगा रैली, जिसमें क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, विभागीय अधिकारियों, जनपद कर्मचारियों और महिला स्व सहायता समूहों की सक्रिय महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रैली पूरे मालखरौदा क्षेत्र में देशभक्ति के नारों और झंडारोहण के उल्लास के साथ निकाली गई, जिससे पूरे वातावरण में देशप्रेम की भावना गूंज उठी।
इस अवसर पर तिरंगा कैनवास हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने राष्ट्रप्रेम से प्रेरित संदेशों के साथ अपने हस्ताक्षर किए। साथ ही, ‘हर घर तिरंगा सेल्फी जोन’ भी बनाया गया, जहां लोगों ने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपनी भागीदारी दर्ज कराई।

कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) रूपेन्द्र पटेल, जनपद पंचायत मालखरौदा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी संदीप कश्यप, विकास विस्तार अधिकारी के.के. बरेठ, अनुविभागीय अधिकारी (ग्राम्य यांत्रिकी सेवा) ज्ञानिकचंद जांगड़े सहित मालखरौदा क्लस्टर क्षेत्र के सरपंच, सचिव, जनप्रतिनिधिगण एवं सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। महिला स्व सहायता समूहों की भागीदारी ने आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
‘हर घर तिरंगा’ कार्यक्रम ने मालखरौदा में एकता, राष्ट्रीय गौरव और जनभागीदारी का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया, जो स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जनजागरण और देशभक्ति का संदेश देने में पूर्ण रूप से सफल रहा।










