
KPN24:- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने धरमजयगढ़ में रायगढ़ जिलेवासियों को 62 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत के विकास कार्यों की सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने 42 करोड़ 99 लाख रुपये की लागत से 45 निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं 19 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से 70 विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
मुख्यमंत्री श्री साय ने धरमजयगढ़ के पानीखेत से ऐडुकला मार्ग पर भेंगारी नाला में उच्च स्तरीय पुल एवं पहुंच मार्ग का निर्माण कार्य (5.25 करोड़ रुपये), लैलूंगा के पाकरगांव मार्ग पर खारून नदी पर पुल निर्माण (6.39 करोड़ रुपये), तथा खरसिया, लैलूंगा और धरमजयगढ़ में पेयजल आपूर्ति के लिए 28.53 करोड़ रुपये की लागत से सिंगल विलेज नलजल योजना, रेट्रोफिटिंग योजना और सोलर आधारित योजना का लोकार्पण किया।
इसके अतिरिक्त, बहिरकेला और लमडांड में 75-75 लाख रुपये की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम कोनपारा में 7 लाख की लागत से सामुदायिक भवन तथा खडग़ांव में 1.25 करोड़ रुपये की लागत से सीएसपीडीसीएल का 33/11 केवी, 3.15 एमव्हीए विद्युत उपकेंद्र का भी लोकार्पण किया गया।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में जिले के 7 स्थानों – धौराभांठा, तमनार, लैलूंगा, घटगांव, घरघोड़ा, बाकारूमा एवं धरमजयगढ़ – में 13.28 करोड़ रुपये की लागत से आदिवासी बालक छात्रावास भवन, धरमजयगढ़ में वॉच टॉवर (20.33 लाख रुपये) और पेट्रोलिंग कैंप (10.88 लाख रुपये) का निर्माण शामिल है।
इसके अलावा धरमजयगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायतों में पुलिया, सीसी रोड, शेड, सामुदायिक भवन, पंचायत भवन एवं मंगल भवन निर्माण हेतु 2.54 करोड़ रुपये तथा लैलूंगा, धरमजयगढ़ एवं खरसिया विधानसभा क्षेत्रों के 44 स्वास्थ्य केंद्रों की मरम्मत के लिए 3.22 करोड़ रुपये की लागत से कार्यों का भूमिपूजन किया गया।
मुख्यमंत्री ने इस मौके पर कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि विकास की रोशनी प्रदेश के हर कोने तक पहुंचे और आमजन को मूलभूत सुविधाएं समय पर उपलब्ध हों।










