
KPN24:-जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में 11अगस्त की रात एक महिला के साथ उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ करने के मामले में चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुरदा थाना क्षेत्र अंतर्गत निवासी ओमप्रकाश बरेठ (उम्र 43 वर्ष) द्वारा रात लगभग 8 बजे पीड़िता के घर में जबरन प्रवेश कर गाली-गलौज करते हुए बेइज्जती की नीयत से हाथ पकड़कर छेड़छाड़ की गई। जब पीड़िता ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी दी और मारपीट कर मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना चांपा में आरोपी के विरुद्ध अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया गया। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए चांपा थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 333, 74, 296, 351(3), 115(2) के तहत कार्रवाई की है।
इस त्वरित कार्रवाई में निरीक्षक जय प्रकाश गुप्ता, उनि. उमेंद्र मिश्रा, महिला प्रधान आरक्षक पुष्पलता, तथा थाना चांपा स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










