"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में गरिमा व उल्लास का संगम, मुख्यमंत्री साय ने किया ध्वजारोहण

KPN24:- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 79वां स्वतंत्रता दिवस हर्ष और उत्साह के साथ मनाया गया। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली और प्रदेशवासियों के नाम अपना संदेश वाचन किया।

समारोह में कुल 17 प्लाटून ने भव्य मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसका नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी श्री ईशु अग्रवाल ने किया। इस अवसर पर उड़ीसा पुलिस टुकड़ी भी आमंत्रित वर्ग में शामिल रही। परेड के टूआईसी श्री सिद्धार्थ सिंह चौहान थे। मार्च पास्ट में बीएसएफ, सीआरपीएफ, आईटीबीपी, सीआईएसएफ, एसएसबी, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष एवं महिला), छत्तीसगढ़ पुलिस, जेल पुलिस, नगर सेना (पुरुष एवं महिला), एनसीसी (बालक-बालिका), बैंड प्लाटून, घुड़सवार दल और महिला बैगपाइपर बैंड की टुकड़ियों ने भाग लिया।

उत्कृष्ट दलों को मिला सम्मान

मुख्यमंत्री ने परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले दलों को पुरस्कृत किया।

केंद्रीय बल वर्ग: प्रथम – सीमा सुरक्षा बल, द्वितीय – केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, तृतीय – ओडिशा पुलिस।

राज्य बल वर्ग: प्रथम – छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (पुरुष), द्वितीय – छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल (महिला), तृतीय – नगर सेना (महिला)।

एनसीसी जूनियर वर्ग: प्रथम – बालक दल, द्वितीय – बालिका दल।

घुड़सवार दल का रोमांचक हॉर्स शो

तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। प्रधान आरक्षक लोकेश्वर सिदार ने अश्व ‘रूद्रा’ पर फ्लैग मार्च किया, जबकि आरक्षक अजय यादव ने अश्व ‘आभा’ पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। शो जंपिंग में अश्व ‘युवराज’, ‘अवनि’, ‘धनुष’, ‘जूही’ और ‘ओजस’ ने शानदार प्रदर्शन किया।

महिला बैगपाइपर बैंड की अनूठी प्रस्तुति

आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने क्विक मार्च में इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनों के साथ-साथ स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील पेश कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी के 35 सदस्यों वाले इस बैंड ने 2022 में आईटीबीपी के बीटीसी मानु (पंचकुला) में छह माह का प्रशिक्षण लिया था और 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था।

परेड ग्राउंड पर स्वतंत्रता दिवस का यह आयोजन उल्लास, अनुशासन और देशभक्ति के भाव से ओतप्रोत रहा, जिसमें हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Comment

Read More