
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना सारागांव पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए हत्या की नीयत से धारदार चाकू से प्राणघातक हमला करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। घटना में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल था, जिसके विरुद्ध विधिवत कार्यवाही की गई है।
घटना का विवरण
15 अगस्त 2025 को सुबह लगभग 11:30 बजे गढ़पारा बाजार चौक के पास, स्कूल में हुए पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने एक नाबालिग बालक और उसके साथियों का रास्ता रोक लिया। इस दौरान आरोपियों ने अश्लील गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। तभी आरोपी साहिल कुमार उर्फ अक्की पटेल (निवासी हथनेवरा खाल्हेपारा, थाना चांपा) ने हत्या की नीयत से धारदार चाकू से नाबालिग के पेट में हमला कर दिया। वहीं, उसके साथी विधि से संघर्षरत बालक ने हाथ-मुक्के से मारपीट की।
इस घटना की सूचना पर थाना सारागांव में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 126(2), 296, 115(2), 351(3), 109, 3(5) BNS के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पांडेय के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के मार्गदर्शन में त्वरित कार्यवाही की गई। पुलिस टीम ने आरोपी साहिल कुमार उर्फ अक्की पटेल और उसके साथी विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। इसके बाद साहिल कुमार को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया तथा नाबालिग आरोपी को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।
जांच टीम का योगदान
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन कुमार सारथी, सउनि राजेश सिंह, सउनि कृष्ण कुमार कोशले और आरक्षक रामायण कंवर की विशेष भूमिका रही।










