
KPN24:- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने अपने जापान दौरे के दौरान आज टोक्यो में एनटीटी लिमिटेड, जापान की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सुश्री कायो इतो से मुलाक़ात की। एनटीटी लिमिटेड विश्व की अग्रणी आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल समाधान प्रदाता कंपनी है, जिसका वार्षिक राजस्व 90 बिलियन अमेरिकी डॉलर से अधिक है।
बैठक के दौरान छत्तीसगढ़ में डिजिटल तकनीक, आईटी इंफ्रास्ट्रक्चर और उन्नत तकनीक-आधारित निवेश की संभावनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। मुख्यमंत्री श्री साय ने सुश्री इतो को राज्य सरकार की डिजिटल छत्तीसगढ़ की परिकल्पना से अवगत कराया और प्रदेश में आईटी सेक्टर के लिए विकसित की जा रही नीतियों तथा निवेश-अनुकूल माहौल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की युवा और प्रतिभाशाली कार्यबल, बेहतर कनेक्टिविटी और उद्योगों के लिए सहयोगी वातावरण इसे एक उभरता हुआ निवेश गंतव्य बनाता है।
सुश्री कायो इतो ने मुख्यमंत्री की पहल की सराहना की और छत्तीसगढ़ में डिजिटल समाधान, डेटा सेंटर, स्मार्ट सिटी और साइबर सिक्योरिटी जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर सकारात्मक रुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भारत विशेषकर छत्तीसगढ़ जैसे विकसित हो रहे राज्यों में डिजिटल सेक्टर का भविष्य उज्ज्वल है और एनटीटी लिमिटेड यहां संभावित निवेश के अवसरों पर गंभीरता से विचार करेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस मुलाक़ात को छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर बताते हुए कहा कि ऐसी अंतरराष्ट्रीय बैठकों से प्रदेश में नई तकनीक और निवेश लाने का मार्ग प्रशस्त होता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में छत्तीसगढ़ डिजिटल इंडिया अभियान के अनुरूप देश और दुनिया के आईटी मानचित्र पर अपनी मजबूत पहचान स्थापित करेगा।










