
KPN24:- मध्यप्रदेश के ग्वालियर में सोशल मीडिया पर बनी दोस्ती एक महिला ब्यूटी पार्लर संचालिका के लिए दर्दनाक साबित हुई। इंस्टाग्राम पर हुई पहचान के बाद पहले प्यार का झांसा, फिर कारोबार बढ़ाने का सपना दिखाकर महिला को जाल में फंसाया गया और अंततः गैंगरेप और ब्लैकमेलिंग की वारदात सामने आई।
पीड़ित महिला भिंड जिले की रहने वाली है। करीब पांच महीने पहले उसकी मुलाकात मेहगांव निवासी राज जाटव से इंस्टाग्राम पर हुई थी। बातचीत बढ़ने पर दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और महिला ने अपना मोबाइल नंबर भी साझा कर दिया। धीरे-धीरे रिश्ते गहराते गए तो राज ने महिला की बस्ती में कमरा किराए पर लेकर उससे मुलाकातें शुरू कर दीं।
महिला ब्यूटी पार्लर संचालित करती है। राज ने उसे कारोबार बढ़ाने का सपना दिखाया और ग्वालियर में व्यवसाय करने की बात कही। इसी भरोसे में महिला ने राज को बाइक दिलवाई, जिसके लिए 20,500 रुपये का डाउन पेमेंट भी उसने भरा और किस्तें चुकाना भी शुरू कर दिया।
15 जुलाई को राज अपने फुफेरे भाई शिवम के साथ महिला का गृहस्थी व पार्लर का सामान भिंड से ग्वालियर के डीडी नगर (महाराजपुरा थाना क्षेत्र) ले आया। यहां कमरा लेकर महिला को रखा गया, जहां रात को राज ने उसके साथ दुष्कर्म किया। छह दिन बाद राज और शिवम दोनों ने सामूहिक दुष्कर्म किया और महिला के आपत्तिजनक फोटो व वीडियो भी बना लिए।
पीड़िता ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर पति व ससुरालजनों को पूरी घटना बताई और भिंड पुलिस से शिकायत की। भिंड पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज करते हुए, घटनास्थल ग्वालियर के महाराजपुरा थाना क्षेत्र का होने से केस डायरी वहां भेज दी है।
महाराजपुरा पुलिस अब केस डायरी के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है और मामले की गंभीरता को देखते हुए तफ्तीश तेज कर दी गई है।
यह मामला सोशल मीडिया पर अजनबी दोस्ती के खतरनाक अंजाम की भयावह तस्वीर सामने लाता है।










