
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले में थाना नवागढ़ पुलिस ने मवेशियों की तस्करी के एक मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 06 गाय, 04 बैल और 02 बछिया को बरामद कर सुरक्षित गौशाला भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार, थाना नवागढ़ पुलिस को 20 अगस्त को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को ठूस-ठूसकर क्रूरता पूर्वक बूचड़खाने ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल रेड कार्यवाही करते हुए आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरुण कुमार टंडन (25 वर्ष), निवासी हरेठी कला थाना हसौद जिला शक्ति और कृष्ण कुमार कश्यप (35 वर्ष), निवासी जमडी थाना हसौद जिला शक्ति के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 04, 06, 10 एवं पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(घ) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नवागढ़ निरीक्षक अशोक वैष्णव, सउनि संतोष क्रिकेटर, आरक्षक राजू कश्यप, संजय टंडन, अंजनी कुमार कश्यप एवं थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।










