
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिले के थाना बलौदा क्षेत्र में रित ऑटो पार्ट्स गैरेज के सामने से मोटरसाइकिल चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों द्वारा चोरी की मोटरसाइकिल को टुकड़े-टुकड़े कर कबाड़ी में बेचने की तैयारी की जा रही थी, तभी पुलिस ने उन्हें धर दबोचा।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के कटे हुए हिस्से तथा परिवहन में प्रयुक्त पिकअप वाहन (क्रमांक सीजी 10 बीवाई 1546) बरामद किया। आरोपियों के विरुद्ध धारा 303(2), 3(5) भा.न्या.सं. के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
घटना का विवरण
दिनांक 22 अगस्त 2025 की दरमियानी रात को बलौदा के रित ऑटो पार्ट्स गैरेज के सामने से लाल-काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल (क्रमांक सीजी 11 ए 9758) और एक कंडम कायनेटिक मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। इस संबंध में पीड़ित प्यारे लाल बघेल निवासी पहरिया ने 23 अगस्त को थाना बलौदा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले में अपराध क्रमांक 346/25 पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।
विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि चोरी की मोटरसाइकिल को कुछ लोग काटकर टुकड़ों में पिकअप वाहन में लोड कर प्लास्टिक की पन्नियों से ढककर बेचने ले जा रहे हैं। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस ने रामपुर-बलौदा मार्ग पर पिकअप वाहन को रोका। जांच में वाहन के अंदर प्लास्टिक से ढके मोटरसाइकिल के टुकड़े बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना कबूल की।
आरोपियों से मोटरसाइकिल के अलग-अलग टुकड़े (कीमत लगभग ₹12,000) और पिकअप वाहन जब्त कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी
1. अमित चौहान पिता संतोष चौहान, उम्र 22 वर्ष, निवासी ग्राम पहरिया, थाना बलौदा
2. देवनारायण चौहान पिता स्व. दरसराम, उम्र 23 वर्ष, निवासी ग्राम करमंदी, चौकी नैला
3. प्रताप सिंह सिदार पिता हर प्रसाद, उम्र 19 वर्ष, निवासी ग्राम बछौद, थाना बलौदा
इस कार्रवाई में साइबर सेल टीम जांजगीर एवं थाना बलौदा के अधिकारी-कर्मचारियों का सराहनीय योगदान रहा।










