"हर खबर, आपकी नज़र"

kpn 24

इंदौर से बड़ी खबर: महिला तस्कर सीमा नाथ गिरफ्तार, झोपड़ी से करोड़ों की ब्राउन शुगर और लाखों नगद बरामद

KPN24:- मध्यप्रदेश के इंदौर पुलिस की क्राइम ब्रांच ने रविवार शाम नशे के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात महिला तस्कर सीमा नाथ (32) को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई द्वारकापुरी क्षेत्र के अहीरखेड़ी स्थित नाथ मोहल्ले में की गई।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सीमा नाथ लंबे समय से ठिकाने बदलकर ब्राउन शुगर की सप्लाई कर रही है। सूचना पर क्राइम ब्रांच की तीन टीमें, महिला बल और अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और झोपड़ी में दबिश दी। इस दौरान सीमा के परिजनों ने पुलिस टीम का विरोध किया और झड़प तक हो गई, जिसके बाद अतिरिक्त फोर्स बुलाना पड़ा।

भारी मात्रा में नशा और नगदी बरामद

तलाशी के दौरान पुलिस को 516 ग्राम ब्राउन शुगर मिली, जिसकी अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा 48 लाख 50 हजार रुपये नगद भी बरामद किए गए। नगदी की मात्रा इतनी अधिक थी कि गिनने के लिए मशीन मंगवानी पड़ी। साथ ही, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल कांटा भी जब्त किया गया, जिससे नशे के पैकेट तैयार किए जाते थे।

ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा

पूछताछ में सीमा नाथ ने बताया कि वह सस्ते दामों पर ब्राउन शुगर खरीदकर शहर में ऊंचे दामों पर बेचती थी। वह यह कारोबार रवि उर्फ काला नामक अपराधी के साथ मिलकर संचालित कर रही थी।

आपराधिक इतिहास और परिवार की संलिप्तता

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार सीमा नाथ पर पहले से दर्जनभर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार जेल जा चुकी है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह पुलिसकर्मियों को धमकाती थी और हंगामा करती थी। जानकारी के मुताबिक उसका पति महेश टोपी भी नशे के धंधे में शामिल है, जबकि उसके भाई चेतन और अर्जुन नाथ कुख्यात अतुल बंसल हत्याकांड में आरोपी रह चुके हैं।

पुलिस का अभियान जारी

पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने बताया कि इंदौर क्राइम ब्रांच द्वारा मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी वर्ष अब तक 72 मामलों में 130 आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब 5 करोड़ रुपये मूल्य के ड्रग्स जब्त किए जा चुके हैं।

यह कार्रवाई पुलिस की नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी सफलताओं में से एक मानी जा रही है।

Kpn 24
Author: Kpn 24

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Read More