
KPN24:- जांजगीर-चांपा पुलिस और भारतीय स्टेट बैंक शाखा जांजगीर की संयुक्त पहल पर मंगलवार को कचहरी चौक में साइबर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आम नागरिकों को साइबर अपराध, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग के प्रति जागरूक करना रहा।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और भारतीय स्टेट बैंक शाखा प्रबंधक श्रीमती ज्योत्सना सिंह के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जांजगीर उमेश कुमार कश्यप, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार, एसबीआई शाखा प्रबंधक चांपा एवं नैला भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान नागरिकों को ऑनलाइन फ्रॉड से बचने के लिए कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इनमें किसी भी व्यक्ति के साथ पिन अथवा ओटीपी साझा न करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने, सोशल मीडिया पर संदिग्ध फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करने जैसी सावधानियां शामिल थीं। साथ ही लोगों को पीएम किसान योजना से जुड़े फर्जी व्हाट्सएप मैसेज, टेलीग्राम पर टास्क और लाभकारी शेयर ट्रेडिंग के नाम पर होने वाले धोखाधड़ी से सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इसके अलावा ऑनलाइन शॉपिंग के लिए केवल अधिकृत और विश्वसनीय वेबसाइटों का ही उपयोग करने पर बल दिया गया।
पुलिस और बैंक अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाएंगे, ताकि आमजन को साइबर अपराधियों से बचाया जा सके और जिले में सुरक्षित डिजिटल लेन-देन का माहौल बनाया जा सके।










