
KPN24:- जांजगीर-चांपा में राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर शुक्रवार सुबह मेजर ध्यानचंद हॉकी मैदान से हाई स्कूल मैदान तक भव्य फिटनेस रैली का आयोजन किया गया। रैली कचहरी चौक से होते हुए हाई स्कूल मैदान तक पहुँची। इस दौरान बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, खिलाड़ी, छात्र-छात्राएँ और नागरिक शामिल हुए।
रैली में लोकसभा सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े, विधायक ब्यास कश्यप, पूर्व विधायय अंबेश जांगड़े, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रेखा देवांगढ़ेवाल, उपाध्यक्ष मोहन यादव, कलेक्टर जन्मेजय महोबे, पुलिस अधीक्षक विजय पांडेय, डीएफओ हिमांशु डोंगरे सहित पार्षद, खेल संघ के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे।
सांसद ने दिलाई फिट इंडिया की शपथ
इस अवसर पर सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े ने सभी को फिट इंडिया मूवमेंट की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि “खेल जीवन के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक हैं। खेलों से युवाओं में अनुशासन और टीम भावना का विकास होता है। हमें खेलों के माध्यम से जिला, राज्य और देश का नाम रोशन करना चाहिए।”
सांसद ने राष्ट्रीय खेल दिवस पर सांसद खेल महोत्सव का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर रस्साकसी, हॉकी और हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन व्याख्याता दीपक कुमार यादव ने किया।
खिलाड़ियों और संघ पदाधिकारियों का सम्मान
राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और खेल संघों के पदाधिकारियों को सांसद, विधायक और अन्य अतिथियों ने सम्मानित किया। खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के लिए प्रोत्साहित करते हुए आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएँ दी गईं।
तीन दिवसीय खेल आयोजन
29 से 31 अगस्त तक जिले में विभिन्न खेल और फिटनेस गतिविधियाँ आयोजित की जा रही हैं।
30 अगस्त को खेलो इंडिया सेंटर में हॉकी, डाइट में रस्साकसी, सीटी क्लब में वालीबाल, सेजेस हॉल में वाद-विवाद और फिटनेस टॉक, तथा हाई स्कूल मैदान में फुटबॉल और कराते प्रतियोगिता होगी।
31 अगस्त को सुबह 7.30 बजे हाई स्कूल मैदान से कचहरी चौक, नेताजी चौक लिंक रोड होते हुए वापस हाई स्कूल मैदान तक साइकिल रैली निकाली जाएगी। साथ ही हसदेव पब्लिक स्कूल (लछनपुर) चांपा में अंडर-19 शतरंज प्रतियोगिता आयोजित होगी।
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर यह आयोजन जिले में खेल भावना और फिटनेस के प्रति नई ऊर्जा का संचार कर रहे हैं।










