
KPN24:- जांजगीर-चांपा जिला पंचायत-सामान्य प्रशासन समिति की बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सत्यलता आनंद मिरी की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, समिति के सभापति व सदस्य श्रीमती प्रियंका सिंह क्षत्री, श्रीमती प्रमिला साहू, महादेव नेताम, श्रीमती बबीता रात्रे, श्रीमती मोहन कुमारी साहू, सुश्री आशा साव, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, उप संचालक अभिमन्यु साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
बैठक में उद्योगों से हो रहे पर्यावरण प्रदूषण, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और ग्रामीण निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि किसानों को खाद-बीज की कमी न हो, इसके लिए समय पर पर्याप्त व्यवस्था की जाए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर नाराज़गी जताते हुए निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्राथमिक व उप स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित की जाए। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की हाजिरी और आंगनबाड़ी केंद्रों की नियमित निगरानी पर भी ज़ोर दिया गया।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि उद्योग एवं पर्यावरण से जुड़ी जनसुनवाई बैठकों की सूचना जिला पंचायत सदस्यों को भी अनिवार्य रूप से दी जाए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को लेकर सदस्यों ने कहा कि राशन दुकानों के खुलने-बंद होने का समय निश्चित किया जाए, ताकि हितग्राहियों को परेशानी न हो।
ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और समय-सीमा को लेकर भी समिति ने सख्त निर्देश दिए। हैंडपंपों की मरम्मत, पेयजल योजनाओं का रखरखाव और सिंचाई के लिए नहरों से समय पर पानी उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर अध्यक्ष ने नाराज़गी जाहिर की और कहा कि ऐसे अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा।










